
भोपाल। हुजूर विधानसभा के हरिहर नगर, फन्दा में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती (राष्ट्रीय एकता दिवस) के उपलक्ष्य में युवाओं की ओर से 'रन फॉर यूनिटी' का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि इस आयोजन में भारत की युवा शक्ति का अहसास होता है। सरदार पटेल के सपने युवाओं की आंखों में साफ दिखाई देते हैं।
'रन फॉर यूनिटी’ को विधायक रामेश्वर शर्मा ने हरी झंडी दिखाई। ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प के साथ बड़ी संख्या में युवा 12 किलोमीटर मैराथन में दौड़े। विधायक ने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए सरदार पटेल के विचारों और राष्ट्र की एकता के संकल्प को दोहराया। उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर पूरे देश में राष्ट्रीय एकता दौड़ का आयोजन किया जाता है। इसी कड़ी में फंदा ब्लॉक के हरिहर नगर में नौजवानों की ओर से एकता दौड़ आयोजित की गई।
देश की एकता व अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने का संकल्प ले रहे युवा
विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि युवा संपूर्ण राष्ट्रभाव के साथ काम करने, भारत माता की जयकार करने तथा देश की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने का संकल्प ले रहे हैं। उन्होंने दौड़ में हिस्सा लेने वाले सभी धावकों और प्रतिभागियों को बधाई व शुभकामनाएं दी और कहा कि सरदार पटेल के सपनों के भारत के निर्माण में हम सभी को अपनी सहभागिता निभानी चाहिए।
आयोजन में इन्होंने दर्ज कराई उपस्थिति
आयोजन में फंदा जनपद अध्यक्ष प्रमोद राजपूत अपनी पूरी टीम और स्थानीय लोगों के साथ शामिल हुए। साथ ही भाजपा जिला अध्यक्ष ग्रामीण तीरथ सिंह मीना, जनपद एवं मंडल अध्यक्ष प्रमोद राजपूत, जिला महामंत्री सत्यनारायण शर्मा, रवि राजपूत, राहुल परिहार सहित बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

