मंगलवार, 28 जुलाई 2026
Logo
Madhaya Pradesh

सतना जिला भगवान श्रीराम की कर्मभूमि रहा, चित्रकूट को भव्य और दिव्य धाम के रूप में करेंगे विकसित: डॉ. मोहन यादव

27 दिस, 20250 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
Cm dr mohan yadav

Cm dr mohan yadav

Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार को सतना के आईएसबीटी परिसर में 31 करोड़ रुपए की लागत से नवनिर्मित आईएसबीटी का लोकार्पण किया। इसका नामकरण 'अटल बिहारी वाजपेयी अंतर्राज्यीय बस अड्डा' करने की घोषणा की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि सतना जिला भगवान श्रीराम की कर्मभूमि रहा है। इसलिए हमारी सरकार चित्रकूट को भव्य और दिव्य धाम के रूप में विकसित करेगी।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि हम भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी का जन्मशती वर्ष मना रहे हैं। अटल जी के जन्मशती वर्ष में ही मध्यप्रदेश का रीयलस्टिक डेवलपमेंट हो रहा है। हम मध्यप्रदेश में सरकार नहीं, परिवार चलाते हैं। प्रदेश के हर घर को परिवार मानकर जनहित के निर्णय ले रहे हैं। हमारे निर्णयों में अंत्योदय भी है और ग्रामोदय भी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सतना को स्मार्ट सिटी योजना की सौगात देकर विकास कार्यों की गंगा बहा दी है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने हितलाभ भी वितरित किए।

 

नए साल से प्रदेश में शुरू हो जाएगा सरकारी बसों का संचालन 

अटल जी राजनीति में शुचिता और राष्ट्रीयता के प्रतीक है। उन्होंने राष्ट्र, धर्म और जनकल्याण के लक्ष्यों को लेकर सरकार चलाई। भारतीय संसद में 50 वर्षों तक अटल जी की निर्भीक वाणी गूंजती रही। मुख्यमंत्री ने कहा कि सतना में आईएसबीटी बन चुका है। राज्य सरकार की भी पूरी तैयारी है कि नए साल से प्रदेश में सरकारी बसों का संचालन प्रारंभ हो जाएगा। मुख्यमंत्री सुगम लोक परिवहन सेवा के नाम से प्रदेश के गांव-गांव तक सस्ती और सुविधाजनक बस परिवहन सेवा प्रारंभ कर दी जाएंगी। शहरों में लग्जरी बसें चलाई जाएंगी।

 

सतना जिले का कोना-कोना किया जाएगा सिंचित 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सतना विमानतल की एयरस्ट्रिप की वर्तमान लंबाई बढ़ाकर अब 1800 मीटर तक की जाएगी, जिससे यहां जेट विमान भी उतर सकें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सतना जिले का कोना-कोना सिंचित किया जाएगा। बरगी नहर परियोजना का पूरा लाभ सतना जिले को मिलेगा। इससे यहां की डेढ़ लाख हैक्टेयर से अधिक कृषि भूमि को सिंचाई की स्थायी सुविधा मिलेगी।

 

12 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सतना में 652.54 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले 12 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इसमें नवीन आधुनिक आईएसबीटी एवं धवारी क्रिकेट स्टेडियम के नवीनीकरण कार्य के लोकार्पण सहित करीब 383 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित होने वाले 650 बिस्तरीय नवीन अस्पताल का भूमिपूजन भी शामिल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह तीनों सौगातें सतना के विकास में चार चांद लगाएंगी। 

 

सरकार चित्रकूट धाम सहित सतना जिले के विकास के लिए संकल्पित

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि भगवान श्रीराम ने सतना के पास चित्रकूट धाम में 11 वर्ष गुजारे थे। राज्य सरकार चित्रकूट धाम सहित सतना जिले के विकास के लिए संकल्पित है। यहां भगवान कामता नाथ विराजे हैं। देश-दुनिया के पर्यटक मंदाकनी नदी के किनारे चित्रकूट आ रहे हैं। अयोध्या के बाद चित्रकूट का अलग ही महत्व है। राज्य सरकार सनातन संस्कृति और राष्ट्र के कल्याण कार्यों को आगे बढ़ाते हुए विरासत का संरक्षण कर रही है। 

 

डबल इंजन की सरकार में सतना स्मार्ट सिटी में शामिल हुआ: कैलाश विजयवर्गीय

नगरीय विकास एवं आवास मंत्री और सतना जिले के प्रभारी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन की सरकार में सतना स्मार्ट सिटी में शामिल हुआ है। उन्होंने कहा कि वे प्रदेश के नगरीय विकास मंत्री हैं, इसलिए सतना जिले के नगरीय विकास में वे कोई कमी नहीं रहने देंगे।

 

सतना जिला विकास के हर मामले में अव्वल: प्रतिमा बागरी

नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के कुशल नेतृत्व में सतना जिला विकास के हर मामले में अव्वल है। उन्होंने सतना को एयर कनेक्टिविटी के मामले में और अधिक मजबूत बनाने की मांग मुख्यमंत्री से की।

 

सतना को बहुत जल्द एलिवेटेड रोड की सौगात भी मिलेगी:  गणेश सिंह

सतना सांसद श्री गणेश सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश, देश में सबसे तेज गति से विकास करने वाला राज्य बन चुका है। राज्य सरकार चित्रकूट धाम को विकसित कर रही है। सतना को बहुत जल्द केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के सहयोग से एलिवेटेड रोड की सौगात भी मिलेगी। विंध्य क्षेत्र एयर नेटवर्क से जुड़ चुका है। राज्य के लोगों को नि:शुल्क एयर एंबुलेंस की सुविधा मिल रही है। 

 

सतना पीएम आवास आवंटन में प्रदेश में दूसरे स्थान पर रहा:  योगेश ताम्रकार

सतना महापौर योगेश ताम्रकार ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में आज सतना को विकास कार्यों की बड़ी सौगातें मिल रही हैं। सतना में सर्व सुविधायुक्त आईएसबीटी सहित आधुनिक क्रिकेट स्टेडियम की भी सुविधा मिल रही है। उन्होंने कहा कि सतना शहर के 2350 से अधिक परिवारों को पीएम आवास मिल चुके हैं। नगर निगम सतना पीएम आवास आवंटन में प्रदेश में दूसरे स्थान पर रहा है। स्वच्छता सर्वेक्षण 2025 में सतना नगर निगम को 5 स्टार रेटिंग मिली। नगर निगम सतना को 5 बड़े पुरस्कार मिले हैं।

 

इनकी रही मौजूदगी 

कार्यक्रम में चित्रकूट के विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार, जिला पंचायत अध्यक्ष रामखेलावन कौल, नगर निगम अध्यक्ष राजेश चतुर्वेदी, पूर्व मंत्री रामखेलावन पटेल सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय जन उपस्थित थे।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें