
शहडोल। प्रतिभा, लगन और कठिन परिश्रम के दम पर शहडोल जिले के युवा क्रिकेट खिलाड़ी सौबिक सोनी ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। स्कूल नेशनल क्रिकेट टीम में चयनित होकर सौबिक अब मध्यप्रदेश की टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। उनकी इस सफलता से शहडोल जिले सहित पूरे संभाग में हर्ष का माहौल है।
सौबिक का क्रिकेट के प्रति जुनून बचपन से ही रहा है। उनकी प्रतिभा को देखते हुए परिवार ने महज सात वर्ष की उम्र में उन्हें क्रिकेट अकादमी में प्रवेश दिलाया। शुरुआती प्रशिक्षण आशुतोष श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में प्राप्त कर उन्होंने क्रिकेट की बारीकियां सीखीं और लगातार अपने खेल को निखारा।
सौबिक ने वर्ष 2021 में अंडर-14 स्कूल गेम्स की राज्य स्तरीय टीम में जगह बनाई। इसके बाद अंडर-13 डिवीजनल क्रिकेट प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। अंडर-15 वर्ग में लगातार दो वर्ष खेलते हुए उन्होंने अपनी प्रतिभा साबित की। वर्तमान में वह अंडर-18 वर्ग में तीसरे वर्ष अपनी खेल यात्रा जारी रखे हुए हैं।
क्रिकेट के साथ सौबिक बैडमिंटन में भी अपनी प्रतिभा दिखा चुके हैं। वह एक बार खेलो एमपी यूथ गेम्स और दो बार स्कूल स्टेट की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग ले चुके हैं। वर्तमान में कोच सोनू के मार्गदर्शन में वह अपने खेल को और बेहतर बना रहे हैं।
सौबिक के पिता सतेंद्र सोनी ने बेटे की उपलब्धि पर गर्व जताते हुए कहा कि यह उसकी मेहनत, लगन और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है। उन्होंने सौबिक को आगे बढ़ाने में सहयोग देने वाले खेल अधिकारियों और प्रशिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

