
भोपाल। राजधानी भोपाल के निशातपुरा इलाके में मिले महिला के शव मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। बदबू आने की शिकायत पर जब पुलिस ने खाली प्लॉट में बने सेप्टिक टैंक की जांच की तो अंदर से महिला की लाश बरामद हुई। जांच में सामने आया कि महिला की हत्या उसके शादीशुदा प्रेमी ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर की थी। वारदात के बाद से दोनों आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
इंस्टाग्राम से शुरू हुई दोस्ती, फिर प्यार में बदला रिश्ता
पुलिस के मुताबिक मृतका की पहचान महाराष्ट्र के गोंदिया जिले की रहने वाली 33 वर्षीय अशरफी उर्फ सिया के रूप में हुई है। करीब एक साल पहले उसकी भोपाल निवासी समीर से इंस्टाग्राम पर पहचान हुई थी। धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी और दोनों रिश्ते में आ गए। तीन महीने पहले अशरफी भोपाल आकर कमल नगर स्थित समीर के घर में रहने लगी थी।
पत्नी से विवाद के बाद रची गई हत्या की साजिश
समीर पहले से शादीशुदा है और दो बच्चों का पिता बताया जा रहा है। इसी बात को लेकर उसकी पत्नी और अशरफी के बीच अक्सर विवाद होता था। पुलिस का कहना है कि बढ़ते तनाव से परेशान होकर समीर ने पत्नी के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई और 9 फरवरी को अशरफी का गला घोंटकर मार डाला।
टीन के बक्से में रखकर सेप्टिक टैंक में फेंका शव
वारदात के बाद आरोपियों ने शव को एक टीन के बक्से में रखा और घर के पास बने सेप्टिक टैंक में डाल दिया। कुछ दिनों बाद तेज दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने टैंक की तलाशी ली और शव बरामद किया।
पहचान टैटू और कपड़ों से हुई, आरोपी फरार
निशातपुरा थाना प्रभारी के अनुसार शव तीन-चार दिन पुराना लग रहा है और सड़ने की वजह से चोट के निशान स्पष्ट नहीं दिखे। महिला ने प्लाजो पहन रखा था और हाथ पर दीप का टैटू बना था, साथ ही 26 मई 1992 की तारीख लिखी मिली। घटना के बाद से समीर और उसकी पत्नी लापता हैं, पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
जांच में सामने आया महिला का पुराना वैवाहिक इतिहास
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि अशरफी पहले महाराष्ट्र और राजस्थान में तीन अलग-अलग लोगों से शादी कर चुकी थी। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश के साथ उनके अन्य परिजनों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

