
भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर मध्य प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा-संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यह अभियान सेवा, सुशासन और जनभागीदारी को केंद्र में रखते हुए आयोजित होगा।
अभियान के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने के साथ अलग-अलग जिलों में जनसंवाद, सेवा गतिविधियां, यात्राएं, प्रतियोगिताएं और जनप्रतिनिधियों से जुड़े कार्यक्रम होंगे।
7 अक्टूबर 2001 से शुरू हुई संवैधानिक यात्रा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के अनुसार, 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी की संवैधानिक यात्रा शुरू हुई थी। वर्ष 2026 में यह यात्रा एक ऐतिहासिक पड़ाव पर पहुंची है।
उन्होंने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री से देश के प्रधानमंत्री तक मोदी ने जनसेवा को अपना ध्येय बनाया और आज भी उसी संकल्प के साथ काम कर रहे हैं। डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन की सबसे बड़ी विशेषता सेवा का संस्कार बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का देश के विकास और लोकतंत्र को मजबूत करने में अब तक अविस्मरणीय योगदान रहा है। ‘सेवा-संकल्प अभियान’ के माध्यम से इसी सेवा भावना को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
हर जिले में बनेगी तिथिवार कार्ययोजना
अभियान के लिए सभी जिलों में तिथिवार कार्यक्रम तय किए जाएंगे। प्रत्येक शुक्रवार को जिलों में जनकल्याण और जनसंवाद से जुड़ी विशेष गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
सभी मंत्रियों को अपने विभागों और प्रभार वाले जिलों में अभियान की नियमित समीक्षा की जिम्मेदारी दी गई है। प्रदेश में चल रहे जन-विश्वास अभियान की गतिविधियों को भी ‘सेवा-संकल्प अभियान’ में शामिल किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने लक्ष्य रखा कि मध्य प्रदेश इस अभियान के जरिए ऐसा मॉडल प्रस्तुत करे, जिसे देश में सुशासन, सेवा और जनसहभागिता के उदाहरण के तौर पर देखा जाए।
महाकाल महालोक में 17 सितंबर को दीप प्रज्ज्वलन
प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर को उज्जैन के महाकाल महालोक में बड़ी संख्या में दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।
प्रदेश में उन स्थानों पर भी भव्य कार्यक्रम आयोजित होंगे, जहां प्रधानमंत्री मोदी ने महत्वपूर्ण परियोजनाओं या कार्यों का लोकार्पण अथवा भूमिपूजन किया है या कोई महत्वपूर्ण सौगात दी है।
मुख्यमंत्री ने जन्मदिवस के अवसर पर सम्राट विक्रमादित्य महानाट्य की प्रस्तुति अहमदाबाद अथवा वडनगर में कराने का सुझाव दिया।
नर्मदा से केन-बेतवा तक विकास कार्यों पर जोर
अभियान में उन क्षेत्रों को भी प्रमुखता दी जाएगी, जहां प्रधानमंत्री मोदी की पहल से परियोजनाओं के माध्यम से सामाजिक और आर्थिक बदलाव आया है।
नर्मदा परियोजना और सरदार सरोवर बांध से लाभान्वित जिलों में संबंधित गतिविधियां होंगी।
केन-बेतवा लिंक परियोजना तथा पार्वती-कालीसिंध-चंबल परियोजना से लाभ पाने वाले क्षेत्रों में लोगों को इन पहलों की जानकारी दी जाएगी।
प्रदेश की प्रमुख सड़क परियोजनाओं से यातायात में आई सुगमता और बढ़ी आर्थिक गतिविधियों का प्रचार किया जाएगा।
प्रदेश के नवाचारों को प्रदर्शित और प्रोत्साहित किया जाएगा।
सभी जिलों में तैयार विकास पुस्तिकाएं जनता तक पहुंचाई जाएंगी।
अभियान में 13 प्रमुख कार्यक्रम
‘सेवा-संकल्प अभियान’ के तहत कुल 13 कार्यक्रमों को शामिल किया गया है। इनमें ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा-ज्योति यात्रा’, ‘वडनगर से वाराणसी’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा-सेतु अभियान/सरकार आपके द्वार’, ‘रंगोली राष्ट्र’, ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ और ‘जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट’ शामिल हैं।
‘आशीर्वाद का दीया’
इस कार्यक्रम में प्रत्येक दीपक को प्रधानमंत्री मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार और विकसित भारत 2047 के सामूहिक संकल्प का प्रतीक बनाया जाएगा।
हर परिवार दीप प्रज्ज्वलित कर अभियान में भाग लेगा। जिला प्रशासन पर्याप्त संख्या में दीपक उपलब्ध कराने और जरूरी समन्वय की व्यवस्था करेगा। हितग्राही मूलक योजनाओं के लाभार्थियों को भी कार्यक्रमों में शामिल किया जाएगा।
बच्चों के लिए ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिता
17 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ के तहत राष्ट्रव्यापी ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। सरकारी और निजी स्कूलों में प्रधानमंत्री मोदी के सेवा कार्यों तथा विकसित भारत की संकल्पना पर प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
गांव-गांव पहुंचेगी ‘नमो सेवा गाथा’
‘नमो सेवा गाथा’ में पिछले 25 वर्षों के सेवा कार्य, प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं और देश में आए बदलावों को नुक्कड़ नाटकों के जरिए लोगों तक पहुंचाया जाएगा। इन प्रस्तुतियों को सरल, भावनात्मक और संगीतमय स्वरूप दिया जाएगा, ताकि सेवा और बदलाव की कहानी गांव-गांव तक पहुंच सके।
आंगनवाड़ी केंद्रों पर मातृ संवाद और सम्मान
25 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच ‘आंगन का उत्सव’ आयोजित होगा। स्थानीय आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों के साथ उनकी माताओं को भी बुलाया जाएगा। कार्यक्रम में आशा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का सार्वजनिक अभिनंदन किया जाएगा। प्रत्येक केंद्र पर 2-3 लाभार्थी माताओं को सम्मानित किया जाएगा और वे अपने अनुभव व सुझाव साझा करेंगी। पोषण, मातृ सहायता, टीकाकरण, शिक्षा, महिला कल्याण, बाल विकास और कुपोषण से संबंधित योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।
लाभार्थियों की वास्तविक कहानियां सामने आएंगी
‘कहानी बदलाव की’ में सरकारी योजनाओं से सकारात्मक परिवर्तन देखने वाले नागरिकों और क्षेत्रों की वास्तविक कहानियों को सामने लाया जाएगा। नागरिकों और लाभार्थियों से उनकी प्रेरणादायी कहानियां मंगाने के लिए प्रतियोगिता शुरू की जाएगी।
‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ में ऐसे स्थानों पर इन्फ्लुएंसर्स को जोड़ा जाएगा, जहां जीवन, सुरक्षा, अर्थव्यवस्था, बुनियादी ढांचे या अवसरों में वास्तविक बदलाव दिखाई देता है।
गांव-जिला-राज्य स्तर पर निकलेगी सेवा-ज्योति यात्रा
‘सेवा-ज्योति यात्रा’ के तहत गांव, जिला और राज्य स्तर पर जनभागीदारी यात्राएं निकाली जाएंगी। इनका उद्देश्य प्रधानमंत्री मोदी की 25 वर्षों की सेवा के प्रति आभार व्यक्त करना और विकसित भारत-2047 का सामूहिक संकल्प लेना होगा। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों की भागीदारी से यात्राएं आयोजित होंगी।
वडनगर से वाराणसी तक 20 टोलियां
‘वडनगर से वाराणसी—जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा’ में वडनगर से वाराणसी जाने वाली 10 टोलियां अलग-अलग मार्गों से चलेंगी। इसी तरह वाराणसी से वडनगर लौटने वाली 10 टोलियों के मार्ग भी अलग होंगे। इस व्यवस्था का उद्देश्य यात्रा को अधिक से अधिक क्षेत्रों तक पहुंचाना है। प्रत्येक गांव या पड़ाव पर स्थानीय लोगों के साथ सहज संवाद और बातचीत के कार्यक्रम होंगे।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा मेरा योगदान’
‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान की अवधि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक रहेगी। इसमें नागरिकों को अपने स्तर पर समाज सेवा की गतिविधियों में योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
प्रमुख गतिविधियों में शामिल हैं:
रक्तदान शिविर
पौधरोपण
स्वच्छता ही सेवा
स्वास्थ्य जांच शिविर
प्लास्टिक-मुक्ति जागरूकता
महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता
वरिष्ठ नागरिकों के लिए डिजिटल साक्षरता
सड़क सुरक्षा जागरूकता
कचरा पृथक्करण और कम्पोस्टिंग
साइबर सुरक्षा जागरूकता
नदी घाटों और रीवर फ्रंट की सफाई
ये गतिविधियां घर, मोहल्ले, गांव, स्कूल, कार्यस्थल या सार्वजनिक स्थान पर की जा सकेंगी। युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और अन्य आयु वर्ग के लोगों को इसमें शामिल किया जाएगा।
‘सेवा-सेतु’ से योजनाओं का लाभ दिलाने की व्यवस्था
‘सेवा-सेतु अभियान/सरकार आपके द्वार’ के तहत प्रत्येक विधानसभा स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे। इनमें केंद्र और राज्य सरकार की उन योजनाओं को शामिल किया जाएगा, जो सीधे आम नागरिकों से जुड़ी हैं।
प्रत्येक ब्लॉक और विधानसभा क्षेत्र में ‘सेवा-सेतु केंद्र’ स्थापित किए जाएंगे। यहां पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ने, आवेदन कराने और जरूरी सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था होगी।
सार्वजनिक स्थलों पर बनेगी ‘रंगोली राष्ट्र’
‘रंगोली राष्ट्र’ कार्यक्रम में एक निर्धारित दिन देश के अधिकतम प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर ह्यूमन रंगोली बनाई जाएगी। इन रंगोलियों के विषयों में केंद्र सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाएं, राष्ट्रीय प्रतीक और विकसित भारत का सपना शामिल होगा। रंगोली में स्थानीय रंग और शैली को प्राथमिकता दी जाएगी।
युवाओं के लिए राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज
‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ के तहत युवाओं, विद्यार्थियों, स्टार्टअप्स, प्रोफेशनल्स, कॉरपोरेट इनोवेटर्स और जमीनी स्तर पर नए समाधान विकसित करने वाले लोगों को जोड़ा जाएगा। इसके लिए क्षेत्रीय इनोवेशन चैलेंज आयोजित होंगे। शिक्षा संस्थानों, स्टार्टअप नेटवर्क, इनक्यूबेशन सेंटर और निजी कंपनियों की भागीदारी होगी। कार्यक्रमों में प्रदर्शनी, लाइव डेमो, युवा संवाद, विशेषज्ञ सत्र और पुरस्कार भी रखे जाएंगे।
17 अक्टूबर को होगा ‘जनसेवक महाकुंभ’
अभियान का समापन 17 अक्टूबर को ‘जनसेवक महाकुंभ—पंचायत से पार्लियामेंट’ कार्यक्रम से होगा। देशभर से सरपंच और अन्य जनप्रतिनिधि प्रधानमंत्री मोदी के सुशासन और सेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर इसमें शामिल होंगे। कार्यक्रम में वंदे मातरम् के सभी 6 छंदों का सामूहिक गायन कर उसे गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराने का प्रयास किया जाएगा।
इसके साथ प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सेवा कार्यकाल पर वीडियो प्रदर्शन होगा। प्रधानमंत्री का संबोधन होने के बाद उनके नेतृत्व में विकसित भारत का सामूहिक संकल्प लिया जाएगा।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

