
भोपाल। भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ने की तैयारी शुरू कर दी है। इसी सिलसिले में मंगलवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में युवा मोर्चा की बैठक हुई, जिसमें प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह और राष्ट्रीय प्रकोष्ठ संकुल संयोजक व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
बैठक में 16 सितंबर से 7 अक्टूबर तक प्रस्तावित जल, जन, सेवा संकल्प यात्रा और प्रदेशभर में होने वाले सेवा कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा हुई। यात्रा को सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, लाभार्थी संवाद और विकसित भारत के संकल्प से जोड़ने पर जोर दिया गया।
वडनगर से वाराणसी तक चलेगी जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा
डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के सेवा और सुशासन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर गुजरात के वडनगर से उत्तर प्रदेश के वाराणसी तक यात्रा निकाली जाएगी। इसके साथ ही वाराणसी से वडनगर की ओर भी दूसरी यात्रा जाएगी।
यात्रा के दौरान वडनगर के हाटकेश्वर मंदिर तालाब का जल लेकर वाराणसी में भगवान काशी विश्वनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा। दूसरी दिशा में वाराणसी से गंगाजल लेकर निकलने वाली यात्रा वडनगर पहुंचकर हाटकेश्वर महादेव का अभिषेक करेगी।
डॉ. महेन्द्र सिंह ने कार्यकर्ताओं से मध्यप्रदेश में इस यात्रा को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वडनगर प्रधानमंत्री मोदी के जन्म से जुड़ा स्थान है, जबकि वाराणसी उनकी कर्मस्थली है।
युवा मोर्चा को हर आयोजन में आदर्श स्थापित करने की जिम्मेदारी
प्रदेश प्रभारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसा दूरदर्शी नेतृत्व लंबे अंतराल के बाद मिलता है। उन्होंने युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं से सेवा संकल्प अभियान के कार्यक्रमों को प्रभावी तरीके से आयोजित करने की अपेक्षा जताई।
उनके अनुसार प्रधानमंत्री ने अपने सार्वजनिक जीवन के लगातार 25 वर्ष पूरे किए हैं और उनके राष्ट्र के प्रति समर्पण से कार्यकर्ताओं को प्रेरणा लेनी चाहिए। डॉ. महेन्द्र सिंह ने प्रधानमंत्री के लगातार सक्रिय सार्वजनिक जीवन और राष्ट्र निर्माण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का भी उल्लेख किया।
यात्रा सिर्फ बाइक रैली नहीं, सेवा और जनभागीदारी का अभियान
विष्णुदत्त शर्मा ने स्पष्ट किया कि सेवा संकल्प अभियान को केवल राजनीतिक कार्यक्रम के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए। उनके मुताबिक इसका केंद्र सेवा, सामाजिक सरोकार और आम लोगों की भागीदारी रहेगा।
यात्रा के दौरान अलग-अलग स्थानों पर स्थानीय जरूरतों के मुताबिक कार्यक्रम होंगे। इनमें स्वच्छता अभियान, पौधरोपण, लाभार्थी संवाद, ग्राम चौपाल, सेवा गतिविधियां
जनसंवाद और जनकल्याणकारी योजनाओं पर लघु फिल्म प्रदर्शन शामिल रहेंगे।
शर्मा ने कहा कि जिस क्षेत्र से यात्रा गुजरेगी, वहां की संस्कृति और परंपराओं को भी कार्यक्रमों से जोड़ा जाए। आदिवासी इलाकों में लोककला, भजन और स्थानीय सांस्कृतिक गतिविधियों को विशेष स्थान देने की बात कही गई।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जुड़ेगा यात्रा का कार्यक्रम
मध्यप्रदेश में यात्रा के साथ सेवा ज्योति यात्रा भी सभी जिलों में निकाली जाएगी। गांव और जिला स्तर से पदयात्रा तथा बाइक यात्रा निर्धारित स्थानों पर पहुंचकर जनसंवाद और विकसित भारत के सामूहिक संकल्प कार्यक्रमों में शामिल होंगी।
यात्रा के दौरान पर्यावरण संरक्षण के लिए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधे लगाए जाएंगे। जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित लघु फिल्में भी दिखाई जाएंगी।
इस व्यापक अभियान का समापन 17 अक्टूबर को जनसेवक महाकुंभ के साथ प्रस्तावित है।
लाभार्थियों से सीधे संवाद पर रहेगा फोकस
विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि यात्रा को लोगों से सीधे जोड़ने के लिए विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को कार्यक्रमों में आमंत्रित किया जाएगा। उनके अनुभवों के माध्यम से योजनाओं के असर को लोगों तक पहुंचाने की योजना है।
इनमें प्रधानमंत्री आवास योजना, लखपति दीदी, स्वयं सहायता समूह, आंगनबाड़ी और पोषण अभियान सहित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी शामिल होंगे। शर्मा ने कहा कि युवाओं को केवल बाइक यात्रा तक सीमित रखने के बजाय उन्हें सेवा और राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों से जोड़ा जाना चाहिए।
युवाओं और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर
बैठक में कहा गया कि विकसित भारत के लक्ष्य को आगे बढ़ाने में युवा शक्ति और महिलाओं की भूमिका अहम होगी। यात्रा में युवाओं के साथ महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों, लाभार्थियों और समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने की तैयारी है।
शर्मा ने कहा कि यात्रा का प्रत्येक पड़ाव स्थानीय परिस्थितियों और सामाजिक आवश्यकताओं के अनुसार तैयार किया जाए, ताकि यह केवल संपर्क कार्यक्रम न रहकर सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़ा अभियान बने।
डॉ. निशांत खरे ने बताया अभियान का स्वरूप
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. निशांत खरे ने सेवा संकल्प अभियान की रूपरेखा और उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अभियान को यात्रा या बाइक रैली तक सीमित नहीं रखा गया है।
उनके मुताबिक सेवा, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण और योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद इसके प्रमुख हिस्से हैं। उन्होंने इसे ‘सेवा से संगठन और संगठन से समाज’ को मजबूत करने वाला अभियान बताया।
राहुल कोठारी बोले- मोदी का 25 साल का सफर कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा
भाजपा प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन को सेवा, सुशासन, समर्पण और राष्ट्र निर्माण से जुड़ी यात्रा बताया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के राजनीतिक जीवन को सेवा और राष्ट्र निर्माण की सोच से जोड़कर देखा जाना चाहिए। कोठारी ने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र का उल्लेख करते हुए कार्यकर्ताओं से यात्रा को सफल बनाने में जुटने का आह्वान किया।
16 सितंबर से 7 अक्टूबर तक प्रदेश में होंगे कार्यक्रम
भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जा रही है। जल, जन, सेवा संकल्प यात्रा 16 सितंबर से 7 अक्टूबर तक प्रदेश के सभी जिलों से होकर निकलेगी।
उन्होंने कहा कि यात्रा के हर पड़ाव को सेवा, संवाद और सामाजिक सहभागिता से जोड़ने की तैयारी है। कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश मंत्री क्षितिज भट्ट ने संचालन किया, जबकि भाजपा युवा मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य सुश्री भक्ति शर्मा मंचासीन रहीं।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

