
भोपाल। मध्यप्रदेश में एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है। प्रदेश में कड़ाके की ठंड की वापसी हो चुकी है और रात के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जा रही है। बीते कुछ दिनों की राहत के बाद अब ठंड ने फिर से लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया है।प्रदेश में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री के करीब पहुंच गया है। कटनी जिले के करौंदी इलाके में 5.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया, जो पूरे मध्यप्रदेश में सबसे ठंडा स्थान रहा। इसके अलावा प्रदेश के 4 जिलों में पारा 8 डिग्री सेल्सियस से नीचे और 11 जिलों में 10 डिग्री से नीचे रिकॉर्ड किया गया है। अगर प्रदेश के 5 बड़े शहरों की बात करें तो राजधानी भोपाल में न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इंदौर में 10.3 डिग्री, उज्जैन में 12.2 डिग्री, जबलपुर में 11.6 डिग्री और ग्वालियर में 8.7 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। खासतौर पर ग्वालियर में ठंड का असर ज्यादा देखने को मिला है।
2 दिन बाद मावठा गिरने की भी संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक, वेस्टर्न डिस्टरबेंस और साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर खत्म होने के कारण ठंडी उत्तर-पूर्वी हवाएं प्रदेश में सक्रिय हो गई हैं, जिससे तापमान में तेजी से गिरावट आई है। आने वाले दो दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में हल्का से मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना है। सुबह और रात के समय ठंड का असर ज्यादा रहेगा।मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले दो दिन तक ठंड का असर बना रहेगा। वहीं 10 फरवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिसके चलते मौसम में फिर बदलाव देखने को मिल सकता है। इस दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में मावठा गिरने की भी संभावना जताई जा रही है।कुल मिलाकर, फरवरी की शुरुआत में ही ठंड ने एक बार फिर अपनी मौजूदगी दर्ज करा दी है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने और ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी जा रही है
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

