
भोपाल। मध्यप्रदेश में इस बार भीषण गर्मी पड़ रही है।हर दिन तापमान में बढ़ोतरी का क्रम जारी है।पारे की बढ़ती चाल थमने का नाम नही ले रही। मई के महीने में सूरज के तेवर बेहद तीखे हो चले हैं। जिससे सुबह से ही गर्मी का अहसास होना शुरू हो जाता है जो रात में भी सुकून नहीं देता। इस भीषण गर्मी से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।मई के पहले पखवाड़े में ही गर्मी अपने प्रचंड रूप में नजर आ रही है। शुक्रवार को मध्यप्रदेश के 12 जिलों में अधिकतम तापमान 44 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया। वहीं प्रदेश के 5 बड़े शहरों में भी गर्मी का असर साफ दिखाई दिया। राजधानी भोपाल में अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री, इंदौर में अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री, उज्जैन में अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री,जबलपुर में अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री और ग्वालियर में अधिकतम तापमान 40.9 डिग्री दर्ज किया गया। खंडवा में 45.1 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया जो प्रदेश में सबसे अधिक था।
शुक्रवार को कुछ जिलों में बदला रहा मौसम
प्रदेश में शुक्रवार को दिन भर तेज गर्मी के बाद कुछ जिलों में मौसम का बदला रूप देखने को मिला। कटनी में शाम को आंधी- बारिश के साथ ओले भी गिरे वहीं उमरिया में तेज बारिश हुई जिससे गर्मी से आंशिक राहत महसूस हुई हालांकि शनिवार को कहीं भी बारिश का अलर्ट नहीं है।अगले 4 दिनों तक गर्मी का प्रचंड रूप देखने को मिलेगा।जिसके चलते इंदौर,उज्जैन, देवास,धार और रतलाम में तीव्र लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में वॉर्म नाईट की चेतावनी भी दी गई है।वहीं भोपाल, सीहोर,नर्मदापुरम, शाजापुर,भिंड,मुरैना दतिया, श्योपुर,टीकमगढ़,छतरपुर सहित लगभग 37 जिलों में भीषण गर्मी का दौर रहेगा।मौसम विभाग के अनुसार पारे में बढ़ोतरी का क्रम फिलहाल जारी रहेगा। मौसम विभाग ने एडवाइजरी जारी करते हुए लोगों से गर्मी में अधिक से अधिक पानी या शीतल पेय पीकर बॉडी को हाईड्रेट करने के लिए कहा है। साथ ही धूप में निकलने पर चेहरे को ढंक कर रखने के लिए भी कहा है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

