
भोपाल। मध्यप्रदेश में नौतपे के तीसरे दिन भी भीषण गर्मी का दौर जारी रहा। इस दौरान प्रदेश में अधिकतम तापमान 47 डिग्री के करीब रहा। खजुराहो और नौगांव में अधिकतम तापमान 46.6 डिग्री दर्ज किया गया जो प्रदेश में सबसे ज्यादा रहा। जबकि 16 शहरों में 44 डिग्री से ज्यादा अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। वहीं प्रदेश के 5 बड़े शहरों में भी गर्मी का असर साफ दिखाई दिया। राजधानी भोपाल में अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री, इंदौर में अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री, उज्जैन में अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री,जबलपुर में अधिकतम तापमान 43 डिग्री और ग्वालियर में अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री दर्ज किया गया।वहीं गुरुवार को मौसम विभाग ने 4 जिलों निवाड़ी,टीकमगढ़,पन्ना और छतरपुर में तीव्र लू का रेड अलर्ट जारी किया है।सागर,दमोह, कटनी,उमरिया, मैहर,सतना और रीवा सहित 10 जिलों में तीव्र लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।इसके अलावा राजधानी भोपाल, ग्वालियर,भिंड,मुरैना,दतिया,श्योपुर,सीहोर,विदिशा,रायसेन,राजगढ़,खंडवा,नीमच, मंदसौर, छिंदवाड़ा और सिवनी सहित 32 जिलों में तीव्र लू का यलो अलर्ट है।
अगले 4 दिन गर्मी के साथ बारिश की भी संभावना
मंगलवार को नौतपा में एक ओर जहां भीषण गर्मी का आलम रहा वहीं मौसम ने भी करवट ली और कुछ जिलों में मौसम बदला हुआ नजर आया। मौसम विभाग के अनुसार मध्यप्रदेश में नौतपा में बारिश होने का ट्रेंड है जो इस साल भी बदस्तूर जारी रहेगा। इसके चलते 28 मई से 31 मई तक लोकल क्लाउडिंग के चलते नमी और आर्द्रता से बारिश होने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग ने प्रदेश के करीब 14 जिलों में पानी गिरने की संभावना जताई है। वहीं इस दौरान भीषण गर्मी का सिलसिला भी जारी रहेगा।मौसम विभाग ने बढ़ती गर्मी के चलते एडवाइजरी जारी करते हुए लोगों से सावधानी बरतने को कहा है। लोगों से गर्मी में अधिक से अधिक पानी या शीतल पेय पीकर बॉडी को हाईड्रेट करने के लिए कहा है। साथ ही धूप में निकलने पर चेहरे को ढंक कर रखने के लिए भी कहा है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

