
भोपाल के रातीबड़ थाना क्षेत्र में मध्यप्रदेश पुलिस के पूर्व स्पेशल डीजीपी शैलेष सिंह और उनके क्रिकेटर बेटे शशांक सिंह के खिलाफ मारपीट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। शिकायत एक घरेलू कर्मचारी ने दर्ज कराई है, जिसने बंधक बनाकर पीटने और मोबाइल छीनने जैसे आरोप लगाए हैं।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला मेंडोरी स्थित शैलेष सिंह के आवास से जुड़ा है, जहां शिकायतकर्ता हाल ही में काम पर रखा गया था।
शिकायतकर्ता ने क्या आरोप लगाए?
रातीबड़ थाना प्रभारी राजबिहारी शर्मा के अनुसार, रीवा जिले के जवा थाना क्षेत्र के चौखंडी गांव निवासी 31 वर्षीय विपेंद्र सिंह तोमर की शिकायत पर प्रकरण दर्ज किया गया है। विपेंद्र का कहना है कि वह 25 जून को मेंडोरी रोड स्थित शैलेष सिंह के घर रसोइए के रूप में काम करने पहुंचे थे। उन्हें ₹15,000 मासिक वेतन के साथ रहने और भोजन की सुविधा देने की बात तय हुई थी।
मोबाइल रखने और मारपीट का आरोप
शिकायत में कहा गया है कि काम शुरू होने के बाद घर के सदस्य लगातार उनके काम में कमियां निकालते रहे। आरोप है कि उनका मोबाइल भी अपने पास रख लिया गया। विपेंद्र के मुताबिक, शनिवार सुबह मोबाइल वापस मांगने पर विवाद बढ़ गया। उनका आरोप है कि शैलेष सिंह, उनके बेटे शशांक सिंह और ड्राइवर मिश्रा उनके कमरे में पहुंचे और उनके साथ लात-घूंसों से मारपीट की।
पैसे ट्रांसफर कराने का भी आरोप
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि मोबाइल के जरिए उनसे ₹1,000 खाने और रहने के खर्च के नाम पर ट्रांसफर कराए गए। इसके बाद उन्हें घर से बाहर निकाल दिया गया। इन आरोपों के आधार पर रातीबड़ पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहले भी विवादों में आ चुके हैं शैलेष सिंह
पूर्व स्पेशल डीजीपी शैलेष सिंह का नाम इससे पहले भी विवादों से जुड़ चुका है। साल 2022 में उनकी मां और बड़े भाई कमलेश सिंह ने पुश्तैनी संपत्ति को लेकर उन पर प्रताड़ना के आरोप लगाए थे। दिसंबर 2024 में दामाद की जमीन की पैमाइश के दौरान खजूरी क्षेत्र में ग्रामीणों ने उनकी गाड़ी पर हमला कर दिया था। अब घरेलू कर्मचारी की शिकायत के बाद दर्ज हुए इस नए मामले की जांच भोपाल पुलिस कर रही है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

