
भोपाल। मध्यप्रदेश में शिपिंग और लॉजिस्टिक्स सेक्टर को बड़ा निवेश मिलने की संभावना है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दुबई में एआईएम कांग्रेस-2026 के दौरान शराफ ग्रुप के प्रेसिडेंट-सीईओ श्याम कपूर से मुलाकात की। बैठक में इंदौर और पीथमपुर क्षेत्र में रेल-साइडिंग युक्त लॉजिस्टिक्स पार्क विकसित करने के प्रस्ताव पर चर्चा हुई।
प्रस्तावित परियोजना में 30 से 50 मिलियन अमेरिकी डॉलर (करीब 250 से 450 करोड़ रुपये) के निवेश की संभावना है। इससे करीब 300 से 600 रोजगार सृजित हो सकते हैं। कंपनी ने इंदौर-पीथमपुर के अलावा प्रदेश के अन्य संभावित स्थानों पर भी निवेश की संभावनाएं तलाशने में रुचि दिखाई है। बैठक में मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क, आधुनिक वेयरहाउसिंग, रीजनल डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर और कोल्ड-चेन इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने पर भी चर्चा हुई। कंपनी कृषि, खाद्य, फार्मा और संगठित रिटेल की सप्लाई चेन के साथ मध्यप्रदेश के उत्पादों के लिए एक्सपोर्ट कार्गो कंसॉलिडेशन और इंटरनेशनल डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क विकसित करने की संभावनाएं तलाशेगी।
शराफ ग्रुप की भारतीय सहायक कंपनी हिंद टर्मिनल्स प्राइवेट लिमिटेड (HTPL) पहले से मल्टीमॉडल एग्री-लॉजिस्टिक्स, रेल-रोड ट्रांसपोर्ट, थर्ड-पार्टी लॉजिस्टिक्स और इनलैंड कंटेनर डिपो के क्षेत्र में काम कर रही है। कंपनी के मुताबिक भारत में उसके नेटवर्क में 35 मालवाहक ट्रेनें और करीब 900 ट्रक शामिल हैं।
ग्लोबल इन्वेस्टर समिट-2027 में शामिल होने का दिया निमंत्रण
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने श्याम कपूर को ग्लोबल इन्वेस्टर समिट-2027 में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया। बैठक में सप्लाई-चेन टेक्नोलॉजी, स्थानीय ट्रांसपोर्टर्स-वेंडर्स को लॉजिस्टिक्स नेटवर्क से जोड़ने और वर्कफोर्स डेवलपमेंट पर साझेदारी की संभावनाओं पर भी विचार हुआ। 69 देशों में कारोबार करने वाला शराफ ग्रुप शिपिंग-लॉजिस्टिक्स, सप्लाई चेन, रिटेल, ट्रैवल-टूरिज्म, आईटी, वित्तीय सेवाओं, हॉस्पिटेलिटी और रियल एस्टेट सहित कई क्षेत्रों में सक्रिय है। कंपनी का मुख्यालय दुबई में है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

