सोमवार, 19 अक्टूबर 2026
Logo
Madhaya Pradesh

विजयादशमी पर प्रदेशभर में होगा शस्त्र-पूजन, सीएम डॉ. मोहन यादव इंदौर में करेंगे पूजा

19 अक्टू, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
विजयादशमी पर प्रदेशभर में होगा शस्त्र-पूजन, सीएम डॉ. मोहन यादव इंदौर में करेंगे पूजा
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 20 अक्टूबर को इंदौर में विजयादशमी के अवसर पर शस्त्र-पूजन करेंगे। प्रदेश सरकार ने ने प्रदेशभर में शस्त्र-पूजन कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया है। ग्वालियर में विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर और बैतूल में वरिष्ठ विधायक हेमंत खंडेलवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। अन्य जिलों में मंत्रीगण कार्यक्रमों में भाग लेंगे।


मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि शस्त्र-पूजन भारतीय सेना के पराक्रम, राष्ट्र की सुरक्षा और स्वतंत्रता के प्रति सम्मान का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सैन्य क्षमता, रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। विजयादशमी पर शस्त्र-पूजन की परंपरा शक्ति के विवेकपूर्ण उपयोग, अन्याय के प्रतिकार और निर्बलों की रक्षा का संदेश देती है। भारतीय संस्कृति में शस्त्र-पूजन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक माना जाता है।


प्रदेश सरकार के अनुसार इन आयोजनों का उद्देश्य राष्ट्रीय सुरक्षा, सैन्य सामर्थ्य और आत्मनिर्भरता के प्रति सम्मान बढ़ाने के साथ नागरिकों में राष्ट्ररक्षा के प्रति विश्वास मजबूत करना है। कार्यक्रमों में भारतीय सेना, पुलिस और सुरक्षा बलों के शौर्य तथा बलिदान के प्रति सम्मान भी व्यक्त किया जाएगा।


इन जिलों में मंत्री करेंगे शस्त्र-पूजन

जिलेवार कार्यक्रमों के लिए मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष, उप मुख्यमंत्रियों और मंत्रियों को मुख्य अतिथि के रूप में नामांकित किया गया है। इंदौर में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, ग्वालियर में नरेंद्र सिंह तोमर, मंदसौर में उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और रीवा में उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके अलावा भोपाल में विश्वास कैलाश सारंग, जबलपुर में राकेश सिंह, धार में कैलाश विजयवर्गीय, खंडवा में कुंवर विजय शाह, सागर में गोविंद सिंह राजपूत और देवास में तुलसीराम सिलावट सहित अन्य मंत्री विभिन्न जिलों में शस्त्र-पूजन करेंगे। जिन जिलों में मंत्री कार्यक्रमों में शामिल नहीं होंगे, वहां संबंधित कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक शस्त्र-पूजन करेंगे। स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाएगा।



घरों में भी शस्त्र-पूजन की अपील

प्रदेश सरकार ने नागरिकों से विजयादशमी पर अपने घरों में परंपरानुसार शस्त्र-पूजन करने की अपील की है। कार्यक्रमों की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संबंधित जिलों के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षकों को सौंपी गई है। 

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें