मंगलवार, 25 अगस्त 2026
Logo
Madhaya Pradesh

शिवपुरी साइबर सेल की बड़ी कार्रवाई: 'ऑपरेशन आपकी अमानत' के तहत 32 लाख के 150 गुम मोबाइल बरामद, 5 आईफोन भी शामिल

25 अग, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
शिवपुरी साइबर सेल की बड़ी कार्रवाई: 'ऑपरेशन आपकी अमानत' के तहत 32 लाख के 150 गुम मोबाइल बरामद, 5 आईफोन भी शामिल
Sanju Suryawanshi
डेस्क रिपोर्टर
Sanju Suryawanshi

रिपोर्ट: अतुल जैन 

शिवपुरी। शिवपुरी पुलिस के साइबर सेल ने एक बार फिर अपनी कार्यकुशलता और तकनीकी दक्षता का परिचय देते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। साइबर सेल ने ‘ऑपरेशन आपकी अमानत’ के तहत जिलेभर से गुम और चोरी हुए 150 कीमती मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 32 लाख रुपये आंकी गई है। इन बरामद मोबाइलों में 5 महंगे आईफोन भी शामिल हैं। यह कार्रवाई अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाईयों में से एक मानी जा रही है।


बरामद किए गए सभी मोबाइल फोन मंगलवार को पुलिस कंट्रोल रूम शिवपुरी में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए। जैसे ही लोगों को महीनों और सालों से गुम हुआ अपना मोबाइल वापस मिला, तो कई लोगों की आंखों में खुशी के आंसू आ गए। लोगों ने शिवपुरी पुलिस और साइबर सेल की टीम को दिल से धन्यवाद दिया।


इस गरिमामय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया मौजूद रहीं। उनके साथ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति, साइबर सेल प्रभारी धर्मेंद्र सिंह जाट सहित जिले के अन्य पुलिस अधिकारी और बड़ी संख्या में मोबाइल स्वामी उपस्थित थे।


देश के कोने-कोने से ढूंढ निकाले मोबाइल

साइबर सेल प्रभारी धर्मेंद्र सिंह जाट ने जानकारी देते हुए बताया कि पिछले 6 महीनों में जिले के विभिन्न थानों में मोबाइल गुम होने की 300 से अधिक शिकायतें प्राप्त हुई थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन में साइबर सेल की एक विशेष टीम का गठन किया गया था।


टीम ने CEIR पोर्टल और तकनीकी सर्विलांस की मदद से गुम मोबाइलों की लोकेशन ट्रेस करना शुरू किया। जांच में सामने आया कि कई मोबाइल मध्य प्रदेश के इंदौर, भोपाल, ग्वालियर, उज्जैन जैसे बड़े शहरों के साथ-साथ उत्तर प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली, महाराष्ट्र और बिहार तक पहुंच गए थे।


साइबर सेल की टीम ने लगातार लोकेशन ट्रैक कर, संबंधित राज्यों की पुलिस से समन्वय स्थापित कर इन मोबाइलों को बरामद किया। कई मामलों में तो आरोपी मोबाइल बेच चुके थे, जिन्हें तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पकड़ा गया।


SP यांगचेन डोलकर भूटिया की संवेदनशील पहल

इस पूरी कार्रवाई की सबसे बड़ी खासियत रही पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया की संवेदनशील सोच और नेतृत्व क्षमता। अक्सर देखा जाता है कि लोग मोबाइल गुम होने पर थाने में शिकायत तो दर्ज करा देते हैं, लेकिन उम्मीद छोड़ देते हैं कि मोबाइल वापस मिलेगा। लेकिन एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया ने पदभार संभालते ही स्पष्ट निर्देश दिए थे कि जनता की हर छोटी-बड़ी शिकायत को गंभीरता से लिया जाए। क्योंकि एक गरीब और मध्यम वर्गीय परिवार के लिए 10-15 हजार का मोबाइल भी बड़ी पूंजी होता है।


उनके इसी विजन से ‘ऑपरेशन आपकी अमानत’ की शुरुआत हुई। एसपी भूटिया ने स्वयं हर हफ्ते साइबर सेल की प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा की और टीम का उत्साहवर्धन किया। उनकी कार्यप्रणाली में तकनीक के साथ-साथ मानवीय संवेदना का संगम देखने को मिलता है। यही कारण है कि शिवपुरी पुलिस का आम जनता में विश्वास लगातार बढ़ रहा है।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया ने कहा कि, "मोबाइल आज के समय में सिर्फ बात करने का साधन नहीं, बल्कि लोगों की पूरी दुनिया है। इसमें लोगों के बैंक खाते, जरूरी दस्तावेज, यादें और रोजगार जुड़ा होता है। मोबाइल गुम होने से व्यक्ति मानसिक रूप से परेशान हो जाता है। हमारा प्रयास है कि हम हर व्यक्ति की अमानत उसे सुरक्षित लौटा सकें। यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।"


उन्होंने आम जनता से अपील भी की कि अपना मोबाइल मिलने पर सबसे पहले CEIR पोर्टल पर जाकर उसे अनब्लॉक कराएं और भविष्य में अपने मोबाइल में सुरक्षा फीचर्स को ऑन रखें।


साइबर अपराधों पर कस रही है नकेल

एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया के नेतृत्व में शिवपुरी पुलिस ने पिछले कुछ महीनों में साइबर अपराधों पर भी प्रभावी अंकुश लगाया है। ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया हैकिंग जैसे मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और लाखों रुपये की ठगी की राशि भी पीड़ितों को वापस कराई गई है। साइबर सेल अब 24 घंटे अलर्ट मोड पर काम कर रहा है।


क्या बोले मोबाइल पाने वाले लोग

करैरा से आए किसान रामस्वरूप लोधी ने बताया कि उनका 25 हजार का मोबाइल 8 महीने पहले खेत पर गिर गया था। उन्होंने उम्मीद ही छोड़ दी थी, लेकिन आज जब पुलिस ने बुलाकर मोबाइल वापस दिया तो वह बहुत खुश हैं। इसी तरह पोहरी की रहने वाली छात्रा प्रियंका शर्मा का कहना है कि उनके मोबाइल में उसकी पढ़ाई के सारे नोट्स थे, मोबाइल गुम होने से उसकी पढ़ाई बाधित हो गई थी। मोबाइल वापस मिलने से वह बहुत खुश है और एसपी मैडम को धन्यवाद देती है।


निश्चित रूप से शिवपुरी साइबर सेल की यह कार्रवाई पुलिस की छवि को और अधिक मानवीय और भरोसेमंद बनाती है। एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया के कुशल नेतृत्व में शिवपुरी पुलिस जिस तरह से आम जनता के हित में काम कर रही है, वह पूरे प्रदेश के लिए एक मिसाल है। इस सफलता के लिए साइबर सेल की पूरी टीम बधाई की पात्र है।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें