
रिपोर्ट: अतुल जैन
शिवपुरी। आमजन की समस्याओं का उनके ही स्थानीय क्षेत्र में सुलभ और त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा निरंतर प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा की विशेष पहल पर आज मंगलवार को तहसील पिछोर के खोड़ उपतहसील कार्यालय में एक वृहद जनसुनवाई शिविर का आयोजन किया गया। जनसुनवाई में शिवपुरी विधायक देवेंद्र जैन भी उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन का मुख्य ध्येय ग्रामीण अंचल के नागरिकों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान करना है, ताकि दूर-दराज से आने वाले आम नागरिकों को अपनी छोटी-छोटी शिकायतों और कार्यों के लिए जिला मुख्यालय तक न आना पड़े। इस कैंप के दौरान राजस्व, नामांतरण, बिजली, पानी, कब्जा, अतिक्रमण, राशन, बीपीएल कार्ड, पेंशन, सहकारिता एवं अन्य विभागों से जुड़ी समस्याओं के आवेदन प्राप्त हुए।
कलेक्टर अर्पित वर्मा द्वारा एक-एक आवेदन गंभीरता ओर संवेदनशीलता के साथ सुना गया जिसमें कई शिकायतों का मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित किया गया। साथ ही शेष शिकायतों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर ही त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
पात्र हितग्राहियों के तत्काल जुड़े बीपीएल सूची में नाम
जनसुनवाई के दौरान उपतहसील कार्यालय में कई स्थानीय नागरिकों ने बीपीएल सूची में नाम जोड़े जाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर अर्पित वर्मा ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। त्वरित कार्रवाई करते हुए पात्र पाए गए हितग्राहियों— खोड़ निवासी कोमल प्रसाद और ग्राम शेरगढ़ निवासी रामदेवी प्रजापति और चंदावनी की लीला आदिवासी के नाम तत्काल बीपीएल सूची में जोड़े गए। लीला आदिवासी का नाम न केवल बीपीएल सूची में जोड़ा गया बल्कि इस शिविर के माध्यम से तत्काल आहार अनुदान योजना में भी नाम शामिल किया गया है। इस जनसुनवाई में कई आवेदक अपनी समस्या लेकर पहुंचे और तत्काल समस्या का निराकरण पाकर हंसते हुए अपने घर लौटे। उन्होंने जिला प्रशासन की इस पहल के लिए आभार व्यक्त किया।
जुड़वां बेटियों के आधार कार्ड की समस्या का हुआ तत्काल समाधान
शिविर में एक अन्य संवेदनशील मामले का त्वरित समाधान देखने को मिला। लंबे समय से अपनी जुड़वां बेटियों (रिद्धि और सिद्धि लोधी) के आधार कार्ड बनवाने में आ रही समस्याओं से परेशान एक पिता अपनी फरियाद लेकर जनसुनवाई में पहुंचे थे। कलेक्टर अर्पित वर्मा ने मामले पर तत्काल संज्ञान लिया। ई गवर्नेंस मैनेजर को तत्काल आवेदन के निराकरण के निर्देश दिए। जाँच के दौरान बड़ी बेटी रिद्धि लोधी का आधार कार्ड पूर्व से बना हुआ पाया गया, जिसे तुरंत प्रिंट करवाकर सौंपा गया। वहीं, छोटी बेटी सिद्धि लोधी के नए आधार कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया मौके पर ही पूरी कराई गई। इस तत्परता से आवेदक पिता ने जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
वर्षों से लंबित नामांतरण प्रकरण का हुआ निपटारा
जनसुनवाई के दौरान ग्राम गणेशखेड़ा निवासी नरेंद्र सिंह लोधी ने नामांतरण को लेकर आवेदन दिया। कलेक्टर अर्पित वर्मा ने आवेदन मिलते ही तुरंत एसडीएम और तहसीलदार को निर्देशित किया। मौके पर ही त्वरित कार्रवाई करते हुए नामांतरण दर्ज कर लिया गया।
ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित इस प्रकार के वृहद जनसुनवाई कैंपों के माध्यम से शासन की मंशा के अनुरूप आम नागरिकों की समस्याओं का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण समाधान हो रहा है। इस मंगलवार को खोड में आयोजित शिविर में भी सैकड़ो आवेदक अपनी समस्या लेकर पहुंचे थे,जिन्हें पूरी संवेदनशीलता के साथ एक-एक कर सुना गया।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

