शुक्रवार, 26 जून 2026
Logo
Madhaya Pradesh

मध्यप्रदेश में आंधी और बारिश का दौर,45 जिलों में अलर्ट जारी

26 जून, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
मध्यप्रदेश में आंधी और बारिश का दौर,45 जिलों में अलर्ट जारी
Deepak Singh
डेस्क रिपोर्टर
Deepak Singh

भोपाल। मध्यप्रदेश में मौसम ने करवट ले ली है। प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी और बारिश का दौर जारी है। इसी बीच मौसम विभाग ने 45 जिलों के लिए बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। हालांकि मानसून अभी पूरे प्रदेश में नहीं पहुंचा है, लेकिन इसकी रफ्तार अब तेज होती दिखाई दे रही है।प्रदेश में मानसून की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं। फिलहाल मानसून करीब 15 जिलों तक पहुंच चुका है, जिसके चलते कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। गुरुवार को शाजापुर, इंदौर,खंडवा,शिवपुरी, बालाघाट, मैहर और खरगोन समेत कई जिलों में झमाझम बारिश हुई।सबसे ज्यादा बारिश शाजापुर में दर्ज की गई, जहां बीते 24 घंटों में 2 इंच से अधिक पानी बरसा। वहीं श्योपुर और बालाघाट में भी करीब आधा इंच बारिश रिकॉर्ड की गई।इस बार मानसून अपनी तय तारीख से 9 दिन की देरी से मध्यप्रदेश पहुंचा है और फिलहाल प्रदेश के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में सक्रिय है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 3 से 4 दिनों में मानसून पूरे प्रदेश को कवर कर लेगा। राजधानी भोपाल में भी अगले दो दिनों के भीतर मानसून की एंट्री होने की संभावना है।


प्रदेश में अधिकतम तापमान 41 डिग्री से ज्यादा 


एक तरफ कई जिलों में बारिश से लोगों को राहत मिली है, तो दूसरी ओर प्रदेश के कई हिस्सों में गर्मी और उमस अब भी लोगों को परेशान कर रही है। कई इलाकों में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है।गुरुवार को नौगांव प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं खरगोन 29.5 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा रहा।अगर प्रमुख शहरों की बात करें, तो भोपाल में अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री, इंदौर में 33.9 डिग्री, उज्जैन में 33.8 डिग्री, जबलपुर में 38.1 डिग्री और ग्वालियर में 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि मानसून की रफ्तार अब तेज होगी और आने वाले दिनों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है। हालांकि विभाग ने यह भी आशंका जताई है कि मानसून की देरी के कारण प्रदेश के 37 से अधिक जिलों में इस बार सामान्य से कम बारिश हो सकती है। ऐसे में अगले कुछ दिन प्रदेश के मौसम के लिहाज से काफी अहम रहने वाले हैं।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें