
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गीता जयंती पर राज्य में हो रहे कार्यक्रमों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत गीता के विभिन्न अध्यायों की संस्कृत और हिंदी में, स्कूल-कॉलेज के साथ जन सामान्य को प्रतियां उपलब्ध करवाकर क्विज आदि प्रतियोगिताएं कराई जाएं। गीता ज्ञान के प्रसार से जन सामान्य की विचार प्रक्रिया और मानसिकता पर सकारात्मक प्रभाव होगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अभ्युदय मध्य प्रदेश (गवर्नेंस एंड ग्रोथ समिट) निवेश से रोजगार (अटल संकल्प उज्जवल मध्य प्रदेश) के अंतर्गत 25 दिसंबर को ग्वालियर में हो रहे कार्यक्रम के संबंध में भी अधिकारियों से चर्चा की। मुख्यमंत्री ने कहा है कि गीता जयंती पर गीता महोत्सव के अंतर्गत होने वाली गतिविधियों में जन सामान्य की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
गीता जयंती पर मध्यप्रदेश में सभी विकास खंडों, जिला मुख्यालयों, संभागीय मुख्यालयों पर श्रीमद्भगवद्गीता के 15 वें अध्याय का पाठ किया जा रहा है। वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से मुख्यमंत्री ने जिला कलेक्टर्स और पुलिस अधिकारियों से चर्चा की। बैठक में मुख्य सचिव अनुराग जैन सहित संबंधित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
श्रीमद्भगवतगीता ऑनलाइन ज्ञान प्रतियोगिता के लिए आवेदन की आखिरी तारीख आज
श्रीमद्भगवतगीता ऑनलाइन ज्ञान प्रतियोगिता में आवेदन 28 नवम्बर तक www.geetamahotsav.com पर जाकर कर सकते हैं। जिसमें तीन श्रेणियों में भागीदारी की जा सकती है। सभी श्रेणियों के लिए अलग पुरस्कारों का प्रावधान भी किया गया है। यह पुरस्कार 26 जनवरी 2026 को दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कलेक्टर्स, को निर्देश दिए कि जिला स्तर पर अधिक से अधिक नागरिकों को विभिन्न प्रतियोगिताओं और गीता पाठ में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करें।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

