
भोपाल। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) मंत्री चैतन्य काश्यप से मंगलवार को उनके कार्यालय में युवा स्टार्टअप उद्यमी व प्रमाणित टी टेस्टर आरिन रत्नेश ने मुलाकात की। मंत्री ने आरिन रत्नेश की अंतर्राष्ट्रीय उपलब्धि की सराहना की। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के स्टार्टअप्स अब वैश्विक स्तर पर अपनी सशक्त पहचान बना रहे हैं।
आरिन रत्नेश ने भोपाल स्थित स्टार्टअप कंपनी हरितिमा फूड प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से फ्रांस को 46 हजार आईस्ड टी प्रीमिक्स पैक्स का निर्यात किया है। आरिन रत्नेश ने मंत्री चैतन्य काश्यप को अपने उत्पादों की श्रृंखला भेंट कर आभार व्यक्त किया। मंत्री ने कहा कि आरिन रत्नेश की उपलब्धि प्रदेश के हजारों युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और यह दर्शाती है कि मध्यप्रदेश के स्टार्टअप्स में वैश्विक प्रतिस्पर्धा की अपार क्षमता है। इस अवसर पर प्रमुख सचिव एमएसएमई राघवेंद्र सिंह और उद्योग आयुक्त दिलीप कुमार भी उपस्थित थे।
स्टार्टअप्स व नवाचार आधारित उद्यमों के लिए अनुकूल वातावरण बना रही सरकार
मंत्री चैतन्य काश्यप ने कहा कि प्रदेश सरकार नवाचार आधारित उद्यमों को प्रोत्साहित करने और युवाओं को वैश्विक बाजारों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में राज्य सरकार स्टार्टअप्स और नवाचार आधारित उद्यमों के लिए अनुकूल वातावरण बना रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य युवाओं को ऐसे अवसर उपलब्ध कराना है, जिससे वे अपने नवाचारों को सफल व्यवसाय में परिवर्तित कर राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचा सकें।
आरिन रत्नेश को अपने उत्पादों के प्रदर्शन का दिया था अवसर
एमएसएमई मंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार स्टार्टअप्स को निवेशकों से जोड़ने, विपणन अवसर उपलब्ध कराने तथा राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय प्रदर्शनियों में भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रयास कर रही है। मध्यप्रदेश स्टार्टअप सेंटर ने आरिन रत्नेश को वर्ष 2025 में नई दिल्ली में आयोजित इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (IITF-2025) में मध्यप्रदेश पवेलियन के माध्यम से अपने उत्पादों के प्रदर्शन का अवसर दिया था। इससे उनके उत्पादों को व्यापक पहचान मिली और अंतर्राष्ट्रीय व्यापारिक संभावनाओं को विस्तार मिला।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

