मंगलवार, 28 जुलाई 2026
Logo
Madhaya Pradesh

सिख वीरों के बलिदान की गाथाओं को किया जाएगा पाठ्यक्रम में शामिल: डॉ. मोहन यादव

26 दिस, 20250 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
Cm dr mohan yadav at gurudwara

Cm dr mohan yadav at gurudwara

Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरु गोविंद सिंह के साहिबजादों की शहादत को समर्पित वीर बाल दिवस पर हमीदिया रोड स्थित गुरुद्वारे में माथा टेका। उन्होंने कहा किराज्य सरकार गुरु गोविंद सिंह और सिख वीरों के बलिदान की गाथाओं को शैक्षणिक पाठ्यक्रम में शामिल करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रथम गुरु, गुरुनानक देव से लेकर 10वें गुरु तक सिख धर्म के सभी गुरु महाराज और उनके परिवारों ने देश की रक्षा के लिए कुर्बानियां दीं। भारतीय इतिहास में सिख वीरों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। वीर बाल दिवस, 10वें सिख गुरु, गुरु गोविंद सिंह के छोटे बेटों की असाधारण वीरता और शहादत की याद दिलाता है। साहिबजादा फतेह सिंह और जोरावर सिंह की शहादत पर हर वर्ष वीर बाल दिवस मनाने की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने की। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि बहुत छोटी उम्र में साहिबजादों ने अन्याय के सामने झुकने से इनकार कर दिया। धर्म व सच्चाई की रक्षा के लिए महान साहस दिखाया। उनका जीवन हमें सिखाता है कि सच्चाई, हिम्मत और आत्मसम्मान सबसे बड़ी ताकत है। आज का दिन भारतीय युवाओं को वीरता, ईमानदारी और दृढ़ता के मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित करता है। सच्चाई और धर्म की रक्षा के लिए वीर साहिबजादों के बलिदान को जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता है। 

 

 

मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ बैठकर कीर्तन सुना 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुद्वारे में मौजूद बच्चों के साथ बैठकर कीर्तन सुना। बच्चों को दुलार भी किया। गुरुद्वारा हमीदिया रोड के आयोजन में संपूर्ण व्यवस्थाओं का संचालन बच्चों ने किया। गुरुद्वारे में बच्चों की ओर से कीर्तन दरबार का संचालन किया गया। चित्र प्रदर्शनी भी लगाई गई। मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि भोपाल में गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व के आयोजन के लिए राज्य सरकार द्वारा सहयोग प्रदान किया जाएगा। 

 

देश की आजादी में सिख वीरों ने कुर्बानियां दी हैं: हेमंत खंडेलवाल 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने "वीर बालक दिवस" पर पार्टी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचकर श्री गुरु गोविंदसिंह के साहिबजादों के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। संत सिपाहियों ने अखाड़ा गत्तका प्रदर्शन किया। इस मौके पर प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि देश की आजादी में सिख वीरों ने कुर्बानियां दी हैं। वीर बाल दिवस के माध्यम से युवा पीढ़ी को धर्म और देश की रक्षा के लिए प्रेरणा मिलती है। भारत वीर साहिबजादों के बलिदान को सदैव याद रखेगा। अरेरा कॉलोनी गुरुद्वारा कमेटी के अध्यक्ष पजिंदर सिंह ने भी विचार व्यक्त किए। 

 

कार्यक्रम में इनकी रही मौजूदगी 

सांसद आलोक शर्मा, विधायक भगवानदास सबनानी, जिलाध्यक्ष रवीन्द्र यती, वरिष्ठ समाजसेवी नेहा बग्गा सहित समाज के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें