
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सेवा और जिम्मेदारी के 25 वर्षों की यात्रा के प्रतीक के रूप में मध्यप्रदेश में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक सेवा-संकल्प अभियान चलाया जाएगा। अभियान की शुरुआत प्रधानमंत्री के जन्मदिवस 17 सितम्बर को प्रदेशभर में दीप प्रज्ज्वलन के साथ होगी। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से बड़ी संख्या में दीप जलाकर आभार व्यक्त करने और इस आयोजन में विश्व रिकॉर्ड बनाने का प्रयास करने की अपील की है।
समत्व भवन में अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि ग्राम पंचायतों से लेकर नगरीय निकायों के प्रत्येक वार्ड तक अधिक से अधिक जनसहभागिता सुनिश्चित की जाए। उज्जैन के महाकाल महालोक सहित पूरे प्रदेश में शाम 7 बजे एक साथ दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। सभी लाभार्थी परिवारों और संस्थाओं को भी इसमें शामिल किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव उज्जैन के कार्यक्रम में शामिल होंगे।
बैठक में उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल सहित कई मंत्री, मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल, अपर मुख्य सचिवों एवं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ प्रदेश के सभी संभागायुक्त और जिला कलेक्टर वर्चुअली जुड़े।
रक्तदान से लेकर ह्यूमन रंगोली तक होंगे आयोजन
प्रदेश के सभी स्वास्थ्य केंद्रों और मेडिकल कॉलेजों में 17 सितम्बर को रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे। इसके अलावा पूरे अभियान के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, नवाचार, जनसेवा और सुशासन से जुड़े कई कार्यक्रम होंगे।
. ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम में 19 से 26 सितम्बर तक जिलास्तरीय तथा 4-5 अक्टूबर को राज्यस्तरीय चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। इसमें सरकारी और निजी स्कूल-कॉलेज भाग लेंगे। ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ के तहत 19 सितम्बर से 5 अक्टूबर तक सार्वजनिक स्थलों पर नुक्कड़ नाटक होंगे।
. ‘आंगन मिलन सेवा’ 26 सितम्बर से 5 अक्टूबर तक आंगनवाड़ियों में आयोजित होगी, जिसमें बच्चों और माताओं के लिए खेल, पठन सामग्री व स्वल्पाहार के साथ स्वास्थ्य, पोषण, टीकाकरण, एनीमिया और स्वच्छता की जानकारी दी जाएगी।
हितग्राहियों को मौके पर मिलेगा योजनाओं का लाभ
‘सेवा की कहानी’ के माध्यम से 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से लाभान्वित लोगों के संदेश प्रसारित किए जाएंगे। वहीं ‘सेवा सेतु अभियान’ 2 से 10 अक्टूबर तक विकासखंड और नगरीय निकाय स्तर पर शिविरों के रूप में चलेगा। इन शिविरों में पात्र हितग्राहियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मौके पर ही दिलाया जाएगा। इसे जनविश्वास अभियान से भी जोड़ा जाएगा। 7 अक्टूबर को प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ निकाली जाएगी, जिसमें जिला विकास पुस्तिकाओं का वितरण और विकास कार्यों पर चर्चा होगी। ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत 2 से 10 अक्टूबर तक समाज के विभिन्न वर्गों और संस्थाओं की सहभागिता से सेवा गतिविधियां होंगी।
छह शहरों में बनेगी ह्यूमन रंगोली
‘सेवा के रंग-राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम के तहत 9 और 10 अक्टूबर को भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, झाबुआ और अलीराजपुर में बड़े पैमाने पर जनसहभागिता से ह्यूमन रंगोली बनाई जाएगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि जबलपुर में इसका राज्यस्तरीय आयोजन किया जाएगा। 12 अक्टूबर को ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ होगा, जिसमें इन्क्यूबेटर्स, स्टार्टअप लीडर्स और इनोवेटर्स शामिल होंगे। 17 अक्टूबर को नई दिल्ली में ‘सुशासन सेवा संवाद’ का राष्ट्रीय स्तर का आयोजन होगा, जिसमें प्रदेश के पंच-सरपंच भाग लेंगे।
अधिकारियों को शत-प्रतिशत सहभागिता के निर्देश
मुख्यमंत्री ने अभियान की सभी गतिविधियों के लिए अधिकारियों-कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करने और प्रभावी मॉनीटरिंग के निर्देश दिए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय के साथ सभी संबंधितों की शत-प्रतिशत सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही प्रतिभागियों के आवागमन, भोजन और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर भी जिलाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

