
भोपाल । मध्यप्रदेश में आज से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने जा रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, एक बार फिर प्रदेश में स्ट्रॉन्ग वेदर सिस्टम एक्टिव हो गया है, जिसका असर आज से साफ तौर पर देखने को मिलेगा। रविवार को भी इस सिस्टम का असर दिखाई दिया, जब ग्वालियर सहित कई जिलों में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। अब यह सिस्टम और ज्यादा सक्रिय हो रहा है और आज से प्रदेश के लगभग आधे हिस्से को प्रभावित करेगा। राजधानी भोपाल, जबलपुर समेत कई जिलों में तेज आंधी और बारिश के आसार बन रहे हैं। वहीं ग्वालियर-चंबल संभाग में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। रविवार को प्रदेश में गर्मी का असर भी देखने को मिला। भोपाल में अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री, इंदौर में 35.8, उज्जैन में 36.4, जबलपुर में 37.5 और ग्वालियर में 38.2 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं छतरपुर 39.8 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा। अब आने वाले दिनों में मौसम का यह बदला हुआ रूप प्रदेशवासियों को गर्मी से राहत देगा, लेकिन सतर्क रहने की जरूरत भी बनी रहेगी।
मौसम में बदलाव के पीछे कई कारण
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, इस बदलाव के पीछे कई वजहें हैं। प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, साथ ही साइक्लोनिक सर्कुलेशन भी बना हुआ है और एक ट्रफ लाइन भी मध्यप्रदेश से होकर गुजर रही है। इसके अलावा अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी आ रही है, जिससे वातावरण में अस्थिरता बढ़ गई है। इन सभी कारणों से प्रदेश में मौसम तेजी से बदल रहा है।अनुमान है कि आज से शुरू होकर अगले चार दिनों तक प्रदेश में मौसम ऐसा ही बना रहेगा। इस दौरान कहीं तेज हवाएं चलेंगी, तो कहीं झमाझम बारिश और कुछ इलाकों में ओले गिरने की भी संभावना है। हालांकि, इस बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी से राहत जरूर मिलेगी, लेकिन किसानों के लिए यह मौसम परेशानी का कारण बन सकता है, क्योंकि फसलों को नुकसान पहुंचने का खतरा बढ़ गया है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

