
भोपाल। नर्मदापुरम में सभी स्थानों पर लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए ‘सुजल अभियान’ शुरू किया गया है। कलेक्टर सोमेश मिश्रा के नेतृत्व में यह अभियान संचालित किया जा रहा है। उनका कहना है कि जिले में सभी स्थानों पर शुद्ध पेयजल की उपलब्धता जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप नर्मदापुरम जिला प्रशासन ने नागरिकों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ‘सुजल अभियान’ शुरू किया है। अभियान के अंतर्गत लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग और जनपद पंचायत की ओर से हैंडपंपों और अन्य पेयजल स्त्रोतों के क्लोरीनेशन का कार्य किया जाएगा, जिससे ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके।
स्वच्छ जल हर परिवार तक पहुंचाना अभियान का उद्देश्य
कलेक्टर सोमेश मिश्रा के मुताबिक स्वच्छ जल हर परिवार तक पहुंचाना अभियान का मुख्य उद्देश्य है। नियमित क्लोरीनेशन से जल की गुणवत्ता में सुधार होता है। साथ ही जलजनित रोगों से बचाव होता है। स्वच्छ व सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता से दूषित जल से होने वाले रोगों की रोकथाम होगी।
अभियान में इन विभागों की ओर से दिया जा रहा सहयोग
‘सुजल अभियान’ में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, जनपद पंचायत, स्वास्थ्य विभाग और राजस्व विभाग की ओर से सहयोग दिया जा रहा है। हैंडपंप तकनीशियनों की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में स्थापित हैंडपंपों का निरीक्षण किया जाएगा। हैंडपंपों का क्लोरीनेशन किया जाएगा। क्लोरीनेशन का कार्य करने के बाद हैंडपंप पर क्लोरीनेशन की तारीख दर्ज की जाएगी। हैंडपंपों की ग्रीसिंग करने के साथ उसके आसपास साफ-सफाई की जाएगी।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

