
मध्य प्रदेश के ग्वालियर से रिश्तों को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां शक ने पति-पत्नी के 25 साल पुराने रिश्ते को इस कदर तोड़ दिया कि बात हत्या तक पहुंच गई। बहस के दौरान पति ने मोंगरी से पीट-पीटकर पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी।
बहस के बाद पत्नी की हत्या
घटना ग्वालियर के इंदरगंज थाना क्षेत्र के खटीक मोहल्ले की है। बुधवार रात करीब 10 बजे पति धर्मेंद्र मौर्य ने पत्नी रेनू से विवाद के दौरान कपड़े धोने वाली मोंगरी से उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर हालत में महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हत्या के बाद मोंगरी लेकर भागा आरोपी
हत्या के बाद आरोपी धर्मेंद्र मोंगरी लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और आरोपी की तलाश में शहर की कलारियों, बीयर बार और रिश्तेदारों के यहां दबिश देना शुरू किया।
अचलेश्वर मंदिर पहुंचा, झाड़ियों में छिपाया हथियार
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि हत्या के बाद आरोपी मोंगरी लेकर अचलेश्वर मंदिर पहुंचा। उसने सड़क से ही बाबा के दर्शन किए और पास की झाड़ियों में मोंगरी छिपा दी। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर मर्डर वेपन बरामद कर लिया।
पूरी रात उसी कमरे में छिपकर पीता रहा शराब
चौंकाने वाली बात यह रही कि आरोपी रात में शराब की बोतल लेकर पिछले दरवाजे से घर में घुस आया और उसी कमरे में पूरी रात छिपकर शराब पीता रहा, जहां उसने पत्नी की हत्या की थी। सुबह करीब चार बजे पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पराए मर्द के साथ देखकर हुआ था शक
बताया गया है कि आरोपी ने पत्नी को पराए मर्द के साथ बाइक पर बैठा देखा था। युवक के बारे में पूछने पर पत्नी के जवाब न देने से वह आगबबूला हो गया। बुधवार रात इसी बात को लेकर दोनों के बीच फिर विवाद हुआ, जो हत्या में बदल गया।
तीन दिन से मन में पल रहा था शक
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि तीन दिन पहले उसने पत्नी को एक युवक के साथ बाइक पर जाते देखा था। पूछने पर रेनू के कुछ न बताने से उसका शक और बढ़ता गया। बुधवार रात जवाब न मिलने पर उसने गुस्से में मोंगरी से वार कर हत्या कर दी।
25 साल का रिश्ता हुआ खत्म
खटीक मोहल्ला निवासी 42 वर्षीय रेनू की शादी धर्मेंद्र मौर्य से 25 साल पहले हुई थी। उनके तीन बच्चे—तरुण, हर्ष और मानसी हैं। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण रेनू निजी स्कूल में नौकरी करती थी, जिसे लेकर पति से अक्सर विवाद होता था। घटना के समय घर में दादी कलावती और छोटी बेटी मानसी मौजूद थीं।
बेटी ने देखा मां पर हमला
छोटी बेटी मानसी ने बताया कि उसने अपने पिता को कमरे में मोंगरी से मां पर वार करते हुए देखा। चीखें सुनकर वह भाई को बुलाने गई, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था।
इंदरगंज थाना प्रभारी दीप्ति सिंह तोमर ने कहा, “एक व्यक्ति ने चरित्र संदेह में पत्नी की मोंगरी से हत्या कर दी थी। आरोपी को घटना के कुछ घंटे बाद सुबह उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के बाद पुलिस ने खून लगी मोंगरी बरामद की और आरोपी को जेल भेज दिया है।”
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

