शनिवार, 05 सितंबर 2026
Logo
Madhaya Pradesh

स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2026: इंदौर-जबलपुर और भोपाल के वार्ड-60 को मिलेगा राष्ट्रीय पुरस्कार

05 सित, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2026: इंदौर-जबलपुर और भोपाल के वार्ड-60 को मिलेगा राष्ट्रीय पुरस्कार
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

भोपाल। राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम के तहत आयोजित राष्ट्रीय स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2026 में मध्यप्रदेश ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। इंदौर और जबलपुर को शहर स्तरीय उत्कृष्ट वायु गुणवत्ता प्रबंधन व भोपाल नगर निगम के वार्ड क्रमांक-60 को वार्ड स्तरीय नवाचारों के लिए ‘स्वच्छ वायु सराहना पुरस्कार’ दिया जाएगा।


पुरस्कार 7 सितंबर 2026 को नई दिल्ली स्थित इंदिरा पर्यावरण भवन के गंगा ऑडिटोरियम में आयोजित स्वच्छ वायु दिवस समारोह में केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव देंगे। इंदौर ने धूल नियंत्रण और वैज्ञानिक सड़क सफाई, हरित पट्टियों के विस्तार, निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट के बेहतर प्रबंधन और जनभागीदारी के जरिए वायु गुणवत्ता सुधार में प्रभावी मॉडल पेश किया। वहीं जबलपुर ने प्रदूषण नियंत्रण उपायों, हरित पहलों और सामुदायिक सहभागिता के जरिए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई।


पहली बार शुरू की गई सूक्ष्म वार्ड-स्तरीय प्रतिस्पर्धा में भोपाल के वार्ड-60 ने भी बाजी मारी। वार्ड में सघन स्वच्छता अभियान, हरित आवरण बढ़ाने, प्रदूषण नियंत्रण और नागरिक सहभागिता से जुड़े नवाचारों को पुरस्कार के लिए चुना गया है। नगरीय विकास एवं आवास आयुक्त संकेत भोंडवे ने कहा कि यह उपलब्धि सतत पर्यावरण नीतियों और नागरिक सहभागिता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के नगरीय निकाय स्वच्छ वायु, हरित विकास और बेहतर जीवन-स्तर के लिए राष्ट्रीय स्तर पर मॉडल के रूप में आगे भी काम करते रहेंगे।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें