
भोपाल। राजधानी भोपाल में शनिवार रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मिसरोद थाना क्षेत्र स्थित मैजिक स्पॉट कैफे में 20 से अधिक नकाबपोश बदमाश तलवार और डंडों के साथ घुसे और तांडव मचाते हुए कैफे को तहस-नहस कर दिया। बदमाशों ने कर्मचारियों से मारपीट की, ग्राहकों ने जान बचाकर कैफे से बाहर भागकर खुद को सुरक्षित किया। पूरी घटना कैफे में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है, जिसमें हमलावर बेरोकटोक तोड़फोड़ करते दिख रहे हैं।
तलवारें और डंडों के साथ कैफे में धावा
घटना रात के समय हुई जब कैफे में कुछ ग्राहक और कर्मचारी मौजूद थे। अचानक चेहरे पर गमछा और कपड़ा बांधे 20 से ज्यादा हथियारबंद बदमाश कैफे में घुस आए। बदमाशों ने बिना कुछ बोले पहले काउंटर, ग्लास डिस्प्ले, महंगी मशीनों और फर्नीचर पर हमला बोल दिया। कुछ ही मिनटों में लाखों का नुकसान कर दिया गया।
"योगी, निखिल और अभिषेक ने हमला करवाया" — कैफे संचालक
कैफे संचालक ने FIR में आरोप लगाया है कि “योगी, निखिल, अभिषेक समेत कुछ लोगों ने हमले की साजिश रची और जान बुझकर कैफे में तोड़फोड़ करवाई।” पुलिस ने इन नामों सहित कई अन्य अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
CCTV फुटेज में पूरी वारदात साफ दिखी
CCTV फुटेज में देखा जा सकता है कि नकाबपोश हमलावर बिना किसी डर के कैफे के अंदर तोड़फोड़ करते हुए घूम रहे हैं। तलवारें तेज धार वाली थीं, जबकि कई के हाथ में बड़े डंडे भी थे। फुटेज में हमलावर गाड़ियों से आते और भागते भी नजर आए।
इलाके में फैली दहशत, व्यापारियों में डर
कैफे में सबके सामने हुए इस हमले ने स्थानीय कारोबारी और आम लोगों में दहशत फैला दी है। खुलेआम हथियारों के साथ हमला होने से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। कई व्यापारियों ने इलाके में स्थायी पुलिस चौकी की मांग की है।
पुलिस जांच में तीन एंगल — गैंगवार, जबरन वसूली या पुरानी दुश्मनी?
मिसरोद थाना पुलिस के अनुसार तीन संभावित एंगल जांच में सामने आए हैं: गैंगवार का टकराव, कब्जा या जबरन वसूली का दबाव और पुरानी दुश्मनी या डर का माहौल बनाना पुलिस ने आरोपियों की तलाश में दबिशें शुरू कर दी हैं।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

