
भोपाल। मध्यप्रदेश में पिछले 3 दिनों से मौसम में भारी बदलाव देखने को मिल रहा है।नवंबर की शुरुआत से पड़ रही कड़ाके की ठंड मानो थम सी गई है और पारे में लगातार बढ़त का क्रम जारी है। गुरुवार को प्रदेश के 20 से ज्यादा शहरों में तापमान 15 डिग्री से अधिक जा पहुंचा। मध्यप्रदेश के 5 बड़े शहरों में भोपाल में न्यूनतम तापमान 25 डिग्री,इंदौर में न्यूनतम तापमान 16.3 डिग्री,ग्वालियर में न्यूनतम तापमान 10.3 डिग्री,उज्जैन में न्यूनतम तापमान 17 डिग्री और जबलपुर में न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री दर्ज किया गया। दिन में जहां धूप की चुभन से गर्मी का अहसास होता रहा वहीं रात का तापमान बढ़ने से गर्मी से राहत नहीं मिल सकी। आमतौर पर प्रदेश में नवंबर माह के आखिरी पखवाड़े में कड़ाके की ठंड पड़ने का ट्रेंड है जो अभी बदला हुआ नजर आ रहा है
पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से फिर ठिठुरेगा मध्यप्रदेश
मौसम विभाग के अनुसार अभी पाकिस्तान और अफगानिस्तान के ऊपर एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है जिसके अगले 2 से 3 दिनों में हिमालयीन क्षेत्र में पहुंचने की संभावना है। इसके प्रभाव से उत्तरी राज्यों में ठंड का असर शुरू होगा और हवाओं के उत्तरी होते ही मध्यप्रदेश में एक बार फिर कड़ाके की ठंड का दौर शुरू हो जाएगा। दरअसल राजस्थान से आ रही हवाओं की वजह से इस साल भोपाल,इंदौर सहित कई जिलों में पचमढ़ी और ग्वालियर से भी ज्यादा ठंड पड़ी थी लेकिन अब विंड पैटर्न के बदलते ही एक बार फिर से इन जिलों में तापमान बढ़ गया है।प्रदेश में हवा के दिशा बदलने और बादल छाने से अगले 2 दिनों तक मौसम में उतार चढ़ाव का सिलसिला जारी रहेगा। उत्तराखंड,हिमाचल प्रदेश और जम्मू कश्मीर में बर्फबारी का दौर जारी है लेकिन हवाओं के रुख बदलने से उसका असर प्रदेश में कम ही नजर आ रहा है। फिलहाल प्रदेश में ऐसा ही मौसम रहने के आसार हैं हालांकि 2 दिन बाद एक बार फिर मौसम करवट लेगा और तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

