
भोपाल। मध्य प्रदेश की करोड़ों महिलाओं के लिए लाडली बहना योजना राहत और भरोसे की सबसे बड़ी योजना बन चुकी है। हर महीने खातों में आने वाले 1500 रुपये का इंतजार अब फरवरी में और बढ़ गया है, क्योंकि लाडली बहनों को 33वीं किस्त का बेसब्री से इंतजार है। सवाल यही है कि यह किस्त आखिर कब आएगी और किन महिलाओं को इसका लाभ नहीं मिलेगा?
अब तक जारी हो चुकी हैं 32 किस्तें
लाडली बहना योजना के तहत प्रदेश की 1.25 करोड़ से ज्यादा महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता दी जाती है। योजना की 32वीं किस्त 16 जनवरी 2026 को नर्मदापुरम के माखन नगर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जारी की थी। इस दौरान 1 करोड़ 25 लाख 31 हजार से अधिक बहनों के खातों में 1836 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए गए थे।
कब जारी होगी 33वीं किस्त?
अब लाडली बहनों की नजर फरवरी में मिलने वाली 33वीं किस्त पर टिकी है। आमतौर पर राज्य सरकार हर महीने 10 से 20 तारीख के बीच किस्त जारी करती है। इसी परंपरा को देखते हुए उम्मीद है कि फरवरी में भी 33वीं किस्त 10 से 20 तारीख के बीच जारी की जा सकती है। हालांकि, सरकार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की गई है।
इन महिलाओं को नहीं मिलेगी 33वीं किस्त
33वीं किस्त से पहले यह जानना जरूरी है कि किन महिलाओं को योजना का लाभ नहीं मिलेगा—
जिन हितग्राही महिलाओं की उम्र 60 साल पूरी हो चुकी है
जिन्होंने अब तक ई-केवाईसी (E-KYC) नहीं कराई है
जिनके परिवार की वार्षिक आय 2.50 लाख रुपये से अधिक है
जिनके परिवार का कोई सदस्य केंद्र या राज्य सरकार में नियमित या संविदा कर्मचारी है या पेंशन लेता है
अविवाहित महिलाएं (हालांकि विधवा, तलाकशुदा और परित्यक्ता महिलाएं योजना के दायरे में रहेंगी)
कैसे चेक करें लिस्ट में अपना नाम?
अगर आप जानना चाहती हैं कि आपका नाम हितग्राही सूची में है या नहीं, तो यह तरीका अपनाएं—
1. आधिकारिक वेबसाइट cmladlibahna.mp.gov.in पर जाएं
2. होमपेज पर “अंतिम सूची” विकल्प पर क्लिक करें
3. मोबाइल नंबर और कैप्चा कोड भरें
4. मोबाइल पर आए OTP को दर्ज करें
5. जिला, लोकल बॉडी और ग्राम पंचायत का चयन करें
6. स्क्रीन पर पूरी लिस्ट आ जाएगी, उसमें अपना नाम चेक करें
लाखों महिलाओं के लिए बड़ी उम्मीद
लाडली बहना योजना सिर्फ आर्थिक मदद नहीं, बल्कि महिलाओं के आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता का आधार बन चुकी है। अब फरवरी में आने वाली 33वीं किस्त को लेकर प्रदेश की लाखों महिलाएं सरकार की आधिकारिक घोषणा का इंतजार कर रही हैं।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

