गुरुवार, 30 जुलाई 2026
Logo
Madhaya Pradesh

बसामन मामा गो-अभयारण्य के आसपास का क्षेत्र विन्ध्य में प्राकृतिक खेती का बनेगा केंद्र: राजेंद्र शुक्ल

29 नव, 20250 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
Deputy cm rajendra shukla

Deputy cm rajendra shukla

Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

भोपाल। उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने शनिवार को बसामन मामा गो-अभयारण्य का भ्रमण किया। उन्होंने कहा कि बसामन मामा गो-अभयारण्य के आसपास का क्षेत्र विन्ध्य में प्राकृतिक खेती का केंद्र बनेगा। प्राकृतिक खेती के लिए गौपालन आवश्यक है। कृषि क्षेत्र को मजबूत करने के लिए भी पशुपालन आवश्यक है।

उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि बसामन मामा गो-अभयारण्य में 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का जन्म दिवस मनाया जाएगा। इस दिन अभ्यारण्य में प्राकृतिक खेती का सम्मेलन भी आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में कृषि विशेषज्ञ और प्राकृतिक खेती से जुड़े किसान भाग लेंगे। सम्मेलन क्षेत्र में प्राकृतिक खेती के विकास के प्रयासों को गति देगा। इसकी सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। 

 

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बसामन मामा गो-अभयारण्य में 8 हजार से अधिक निराश्रित गौवंश को आश्रय दिया गया है। इनके गोबर और गोमूत्र का उपयोग करके आसपास के क्षेत्र को रासायनिक खाद के उपयोग से मुक्त किया जा सकता है। गो-अभयारण्य में प्राकृतिक खेती और जैविक खेती को बढ़ावा देने के साथ दुधारु पशुओं के नस्ल सुधार, महिला स्व-सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं के सशक्तिकरण पर भी बल दिया जा रहा है। 

 

इस अवसर पर एसडीएम सिरमौर दृष्टि जायसवाल, कार्यपालन यंत्री हाउसिंग बोर्ड अनुज प्रताप सिंह, अभय जयरामदास, आशीष शुक्ला तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

 

गो-अभयारण्य में बिजली की निर्बाध आपूर्ति की व्यवस्था करें

उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि गो-अभयारण्य के पांचों प्रकल्प पूरी क्षमता से कार्य कर इसे आदर्श गौशाला बना रहे हैं। बसामन मामा गो-अभयारण्य आसपास के क्षेत्रों के लिए प्राकृतिक खेती का केंद्र बनेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माणाधीन भोजन शाला का निर्माण अनिवार्य रूप से पूरा कराएं। गो-अभयारण्य में बिजली की निर्बाध आपूर्ति की व्यवस्था करें। विद्युत सब स्टेशन का निर्माण कार्य स्वीकृत हो गया है। एसडीएम सिरमौर तत्काल निर्माण कार्य के लिए जमीन उपलब्ध कराएं। विद्युत मंडल के अधिकारी तत्काल निर्माण कार्य दो माह में शुरू करें।

 

पंचमुखी हनुमना के निर्माणाधीन मंदिर का अवलोकन किया

उप मुख्यमंत्री ने गौशाला का भ्रमण कर निर्माण कार्यों का जायजा लिया। पानी की आपूर्ति, परिसर की साफ-सफाई तथा सौन्दर्यीकरण के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए। इसके बाद उप मुख्यमंत्री ने ग्राम पुरवा में पंचमुखी हनुमना के निर्माणाधीन मंदिर का अवलोकन किया। इसका निर्माण समाजसेवी मनोज शुक्ला की ओर से कराया जा रहा है। उप मुख्यमंत्री ने बसामन मामा धाम पहुंचकर पूजा-अर्चना की तथा क्षेत्र के विकास और कल्याण की कामना की। 

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें