
भोपाल में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। तीसरी कक्षा में पढ़ने वाले 12 साल के इब्राहिम खान की गोली लगने से हुई मौत अब सिर्फ एक दुर्घटना नहीं, बल्कि बड़े अपराध नेटवर्क की परतें खोलती जा रही है। घर में रखी पिता की अवैध पिस्टल से चली गोली ने जहां एक मासूम की जान ली, वहीं जांच में सामने आया कि उसके पिता रिजवान लाला अंतरराज्यीय शिकार गिरोह से जुड़ा हुआ है।
घर की पिस्टल बनी मौत की वजह
31 जनवरी को गौतम नगर इलाके में इब्राहिम खान की संदिग्ध हालात में गोली लगने से मौत हो गई थी। शुरुआती जांच में सामने आया कि गोली घर में मौजूद अवैध हथियार से चली थी। जब पुलिस ने पिता रिजवान लाला से सख्ती से पूछताछ की, तो मामला पूरी तरह पलट गया।
इंदौर के शिकार कांड से जुड़ा है कनेक्शन
गौतम नगर पुलिस की जांच में खुलासा हुआ कि रिजवान लाला इंदौर के चर्चित शिकार कांड में पिछले दो साल से फरार था। उस पर 10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था। पुलिस के मुताबिक, वह मध्य प्रदेश के अलग-अलग जिलों में शिकार करता रहा और गिरोह के साथ मिलकर शिकार का मांस और खाल मुंबई तक सप्लाई करता था।
मुंबई तक फैला था अवैध कारोबार
पूछताछ में सामने आया कि रिजवान अपने साथियों के जरिए हिरण, चीतल और सांभर जैसे संरक्षित जानवरों का मांस 1000 से 1500 रुपये किलो तक बेचता था। यह सप्लाई खासतौर पर रसूखदार परिवारों तक पहुंचाई जाती थी। ग्राहक खोजने के लिए व्हाट्सएप और टेलीग्राम जैसे प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया जाता था।
65 किलो मांस और लग्जरी कार की कहानी
दिसंबर 2024 में इंदौर के किशनगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक लग्जरी कार को रोका था। कार से करीब 65 किलो प्रतिबंधित मांस बरामद हुआ। मुंबई के तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद यह साफ हुआ कि मांस भोपाल से लाया गया था, जो रिजवान और उसके साथी आमिर उर्फ मम्मा ने सप्लाई किया था।
स्वीडन से मंगवाई गई 50 लाख की गन
जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह के पास स्वीडन से मंगवाई गई अत्याधुनिक गन थी, जिसकी कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई। इस हथियार का इस्तेमाल सतपुड़ा टाइगर रिजर्व और कान्हा नेशनल पार्क जैसे संवेदनशील इलाकों में शिकार के लिए किया गया।
जेल में बंद, लेकिन जांच जारी
3 फरवरी को पुलिस ने रिजवान लाला को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भोपाल सेंट्रल जेल भेज दिया गया। जेल में उसे कैदी नंबर 6583 दिया गया है। अब इंदौर की फॉरेस्ट और टाइगर स्ट्राइक फोर्स की टीम उसे रिमांड पर लेने की तैयारी में है, ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सके।
फरार साथी पर 20 हजार का इनाम
इस पूरे मामले में रिजवान का करीबी साथी आमिर उर्फ मम्मा अब भी फरार है। उस पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। पुलिस और वन विभाग की टीमें उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

