
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को रवीन्द्र भवन में आयोजित राज्यस्तरीय गौ-पूजन व पशुपालक सम्मान समारोह में कहा कि प्रदेश को अगले दो वर्षों में देश की मिल्क कैपिटल बनाने का लक्ष्य है। इसके लिए दुग्ध संकलन क्षमता 12 लाख से बढ़ाकर 52 लाख किलोग्राम प्रतिदिन की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा है कि गोवर्धन पूजा प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, गौवंश संरक्षण और सामूहिक सहयोग का पर्व है। सरकार समाज के सभी आयोजनों में सक्रिय भागीदारी निभाएगी। उन्होंने कहा कि श्वेत क्रांति 2.0 के माध्यम से डेयरी सहकारिता को मजबूत किया जा रहा है। गौसेवा के साथ पशुपालकों की आर्थिक समृद्धि भी सरकार की प्राथमिकता है। प्रदेश में गौ-एम्बुलेंस की संख्या बढ़ाने के साथ आधुनिक और आत्मनिर्भर गौशालाओं का विकास किया जाएगा। भोपाल के बरखेड़ी डोब में 10 हजार गौवंश क्षमता वाली हाईटेक गौशाला बनाई जा रही है।
गौशालाओं को 65.66 करोड़, पशुपालकों को 2.95 करोड़
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सिंगल क्लिक से प्रदेश की 3 हजार से अधिक पंजीकृत गौशालाओं में निवासरत 5.51 लाख से अधिक गौवंश के भरण-पोषण के लिए 65.66 करोड़ रुपये की अनुदान राशि अंतरित की। वहीं गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के तहत 466 उत्कृष्ट पशुपालकों के खातों में 2.95 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि भेजी गई। मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट पशुपालकों, दुग्ध उत्पादकों और गौसेवकों को सम्मानित किया। उन्होंने बताया कि गौशालाओं में संरक्षित गौवंश के पोषण के लिए प्रति गाय अनुदान राशि 20 रुपये से बढ़ाकर 40 रुपये कर दी गई है।
उन्नत नस्ल की गायों के भ्रूण उत्पादन केंद्र को मंजूरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की मंजूरी से भोपाल में उन्नत नस्ल की गायों के भ्रूण उत्पादन केंद्र की स्थापना की जाएगी। केंद्र में प्रतिवर्ष एक लाख भ्रूण तैयार किए जाएंगे। इससे प्रदेश में गिर और साहीवाल जैसी उन्नत नस्लों के पालन तथा दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा। डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के तहत 25 दुधारू गाय या भैंस की इकाई स्थापित करने पर 42 लाख रुपये तक की ऋण सहायता और 13.86 लाख रुपये तक का अनुदान दिया जा रहा है। डेयरी वैल्यू चेन को भी शत-प्रतिशत डिजिटल किया जा रहा है।
गौपालन ग्रामीण अर्थव्यवस्था का मजबूत आधार
मुख्यमंत्री ने कहा कि गौपालन केवल धार्मिक आस्था नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था और आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार है। गाय के दूध के साथ गोबर से बनने वाली खाद जैविक और प्राकृतिक खेती को समृद्ध करती है। प्रदेश में पशुपालन, मछली पालन, उद्यानिकी और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। मध्यप्रदेश प्राकृतिक खेती में देश में पहले स्थान पर है। उन्होंने प्रदेश में बड़े पशु मेले आयोजित करने की घोषणा करते हुए कहा कि इनमें उन्नत नस्ल के गौवंश और आधुनिक कृषि यंत्र प्रदर्शित किए जाएंगे। प्रदेश के 313 विकासखंडों में वृंदावन ग्राम विकसित कर पशुपालकों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में इनकी रही मौजूदगी
मुख्यमंत्री ने रवीन्द्र भवन परिसर में भगवान गोवर्धन की पूजा-अर्चना, परिक्रमा और आरती की। मुख्यमंत्री निवास स्थित गौशाला में भी गौपूजन व गोवर्धन पूजा की गई। समारोह में सहकारिता मंत्री विश्वास कैलाश सारंग, राज्यमंत्री कृष्णा गौर, विधायक रामेश्वर शर्मा, भगवानदास सबनानी, विष्णु खत्री, महापौर मालती राय सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में पशुपालक उपस्थित रहे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

