
भोपाल। मध्य प्रदेश के युवाओं के लिए खेलों से पहचान बनाने का सबसे बड़ा मंच एक बार फिर सजने जा रहा है। खेलो एमपी यूथ गेम्स का राज्य स्तरीय शुभारंभ 27 जनवरी को भोपाल के टीटी नगर स्टेडियम में होगा। शाम 6:30 बजे से शुरू होने वाले इस भव्य समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया प्रतियोगिताओं का औपचारिक उद्घाटन करेंगे।
ब्लॉक से संभाग तक दिखी खेल प्रतिभा
सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने बताया कि प्रदेशभर में ब्लॉक स्तर की प्रतियोगिताएं सफलतापूर्वक पूरी हो चुकी हैं। अब 25 जनवरी तक जिला और संभाग स्तर के मुकाबले समाप्त होंगे, जिसके बाद राज्य स्तरीय खेल शुरू होंगे।
खेलों की थीम पर होगा भव्य उद्घाटन
टीटी नगर स्टेडियम में होने वाला उद्घाटन समारोह पूरी तरह खेलों की थीम पर आधारित रहेगा।
मुख्य आकर्षण होंगे:
पार्श्व गायक कैलाश खेर की प्रस्तुति
इंडियाज गॉट टैलेंट फेम डांस ट्रूप
खेल इतिहास पर आधारित नृत्य-नाटिका
भव्य आतिशबाजी
मंत्री सारंग के अनुसार यह आयोजन ऊर्जा, खेल भावना और युवा उत्साह का जीवंत प्रदर्शन होगा।
खेल विभाग और संघों का अनोखा मॉडल
देश में पहली बार खेल विभाग और सभी मान्यता प्राप्त खेल संघों के संयुक्त समन्वय से यह आयोजन किया जा रहा है।
इस मॉडल से ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में प्रतिभाशाली खिलाड़ी सामने आए हैं। सरकार इसे भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर लागू करने की दिशा में भी काम कर रही है।
डिजिटल पंजीयन से पूरी प्रक्रिया पारदर्शी
खिलाड़ियों का पंजीयन डैशबोर्ड आधारित ऑनलाइन प्रणाली से किया गया है।
अब तक 1 लाख से अधिक खिलाड़ी रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं।
खेलवार सहभागिता, परिणामों की एंट्री और प्रगति की निगरानी रियल-टाइम डैशबोर्ड से की जा रही है।
31 जनवरी तक चलेंगे मुकाबले, 28 खेल शामिल
राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं 31 जनवरी तक आयोजित होंगी।
ब्लॉक और जिला स्तर पर 21 खेल, जबकि राज्य स्तर पर 28 खेल शामिल किए गए हैं।
प्रदेश के 10 संभागों की टीमें इन खेलों में हिस्सा लेंगी।
राज्य स्तरीय मुकाबलों के प्रमुख स्थल
भोपाल: एथलेटिक्स, फेंसिंग, पुरुष क्रिकेट, क्याकिंग-कैनोईंग, रोइंग, तैराकी, शूटिंग, पुरुष हॉकी, बॉक्सिंग, थ्रोबॉल, वॉलीबॉल, कबड्डी
इंदौर: बास्केटबॉल, वेटलिफ्टिंग, टेबल टेनिस, टेनिस
शिवपुरी: महिला क्रिकेट
ग्वालियर: महिला हॉकी, पिट्टू, बैडमिंटन
उज्जैन: मल्लखंब, योगासन, रस्साकशी, कुश्ती
जबलपुर: खो-खो, आर्चरी
रीवा: फुटबॉल
नर्मदापुरम: ताइक्वांडो, शतरंज
सागर: जूडो
पारंपरिक खेलों को मिला नया मंच
पहली बार पिट्टू और रस्साकशी जैसे पारंपरिक खेलों के साथ क्रिकेट और थ्रोबॉल को भी शामिल किया गया है। इसका उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के युवाओं को समान मंच देना है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

