
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बड़वानी जिले के तलून में खाटू श्याम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा और 21 कुंडीय महायज्ञ कार्यक्रम से बुधवार को अपने निवास कार्यालय से वर्चुअली जुड़े। उन्होंने कहा है कि बड़वानी और निमाड़ की धरती संतों, संस्कृति व लोक परंपराओं से समृद्ध रही है। खाटू श्याम मंदिर इस गौरवशाली विरासत को मजबूत करेगा और आने वाली पीढ़ियां भी इस धरोहर से जुड़ेंगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भारत की संत परंपरा ने सदैव समाज को सही दिशा दिखाई है, उनके मार्गदर्शन से समाज में सद्भाव, संयम और सेवा की भावना विकसित होती है। गरीबों, जरूरतमंदों और पीड़ितों की सेवा ही सच्ची भक्ति है, समाज तभी आगे बढ़ता है जब धर्म और सेवा साथ चलते हैं, यही भारतीय संस्कृति का मूल संदेश है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का अवसर महज मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा का नहीं, बल्कि श्रद्धा, विश्वास और सनातन संस्कृति के पुनर्जागरण का पर्व है। बाबा श्री खाटू श्याम की कृपा सभी भक्तों पर बनी रहे। बाबा खाटू श्याम को हारे का सहारा कहा जाता है, क्योंकि वे अपने भक्तों के दु:ख हरने वाले देवता माने जाते हैं।
मां नर्मदा की परिक्रमा के बाद महंत शशि गिरि महाराज के मन में खाटू श्याम मंदिर बनाने का विचार आया और शहर के भक्तों के सहयोग से मंदिर का सपना साकार हुआ। कार्यक्रम में सांसद गजेन्द्र पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष बड़वानी बलवंत पटेल, महंत महामण्डलेश्वर हरि सुरेन्द्र गिरी महाराज, अध्यक्ष खाटू श्याम मंदिर बड़वानी शशि गिरि महाराज और अन्य संत, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

