मंगलवार, 25 अगस्त 2026
Logo
Madhaya Pradesh

सिवनी से बालाघाट 91 किलोमीटर सड़क को मोहन यादव कैबिनेट ने फोरलेन करने की दी मंजूरी

25 अग, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
सिवनी से बालाघाट 91 किलोमीटर सड़क को मोहन यादव कैबिनेट ने फोरलेन करने की दी मंजूरी
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंगलवार को कैबिनेट की बैठक हुई। इसमें 3458 करोड़ लागत की 91 किलोमीटर लंबे सिवनी-बालाघाट सड़क को फोरलेन करने की मंजूरी दी गई। यह हाइब्रिड मॉडल से बनेगी। 


लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कैबिनेट में लिए गए निर्णयों की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि प्रदेश की 12 अन्य सड़कों का निर्माण भी हाइब्रिड मॉडल पर किया जाएगा। इसमें भोपाल से विदिशा की सड़क भी शामिल है। सड़क के लिए नाबार्ड से लोन लेने की भी मंजूरी मिली है। कैबिनेट ने प्रदेश में 10,630 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं के प्रस्तावों को हरी झंडी दी है। 


कैबिनेट में लिए गए ये निर्णय 


. किसानों से जमीन अधिग्रहण के लिए आपसी सहमति के प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए तय किया गया कि सहमत किसान को अधिग्रहित जमीन की चार गुना राशि तत्काल दी जाएगी। 


. ट्रेजरी में हुए भुगतान गड़बड़ी मामले में आरोपी अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए अभियोजन की स्वीकृति दी गई।

     

. उज्जैन में स्थापित हो रहे धनवंतरी विश्वविद्यालय के लिए पदों की स्वीकृति के साथ अन्य कई विभागों के लिए भी पदों की स्वीकृति दी गई है। 


. विज्ञान और प्रौद्योगिकी से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों को भी मंजूरी मिली है। 


अब अधिकारी घर-घर किसानों के पास जाकर फार्मर आईडी बनाएंगे

कैबिनेट की बैठक में किसानों से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। इसमें बताया गया कि 20 अगस्त से फार्मर आईडी बनाने का काम शुरू हो चुका है। अब अधिकारी घर-घर किसानों के पास जाकर फार्मर आईडी बनाएंगे। खाद वितरण व्यवस्था को आसान बनाने के लिए व्हाट्सऐप के जरिए खाद की बुकिंग की सुविधा भी शुरू करने की तैयारी है। खाद्य वितरण की ई-प्रणाली को सुझावों के आधार पर सरल किया जाएगा। बिना पंजीयन के भी किसान कोई भी एक उर्वरक खरीद सकता है। 


कम बारिश वाले जिलों के लिए पहले से कार्ययोजना बनाने के निर्देश

बैठक में मुख्यमंत्री ने प्रदेश में असामान्य बारिश की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिक बारिश वाले जिलों में राहत-बचाव कार्य और कम बारिश वाले जिलों के लिए पहले से कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने जापान में होने वाले एशियन गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले मध्यप्रदेश के 32 खिलाड़ियों को बधाई दी। वहीं, स्पेस टेक्नोलॉजी में काम करने वाले विदिशा के विभोर जैन की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हुई मुलाकात को भी प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया। 

  

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें