
भोपाल। महानगर मेला उत्सव समिति की ओर से दशहरा मैदान, टीटी नगर में आयोजित नववर्ष मेला महोत्सव में सोमवार को अद्भुत नजारा दिखा। प्रजापिता ब्रह्मकुमारीज ईश्वरीय विश्वविद्यालय की ओर से द्वादश ज्योतिर्लिंग मनोरम झांकी स्थापित की गई। साथ ही 41 फीट के शिवलिंग के दर्शन को भीड़ लगी।
मेला का विधिवत उद्घाटन दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर चैतन्य नौ देवियों की भव्य झांकी भी प्रदर्शित की गई, जो कि आकर्षण का केंद्र रही। मेले में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिकता का अद्भुत संगम देखते बन रहा था। इसी क्रम में मेला के संस्कृति मंच पर “एक शाम शहीदों के नाम” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अमर शहीद भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु के बलिदान की पावन स्मृति में देशभक्ति गीतों की भावपूर्ण प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्होंने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया।
समिति के अध्यक्ष उमाशंकर गुप्ता ने कहा कि मेला के सभी कार्यक्रम भारतीय संस्कृति और परंपराओं के अनुरूप आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे समाज में सांस्कृतिक चेतना का विस्तार हो। वहीं, मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष अवधेश प्रताप सिंह ने मेला समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए इस आयोजन को आध्यात्मिक चेतना का केंद्र बताया। ब्रह्मकुमारीज परिवार की ओर से सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं तिलक लगाकर स्वागत किया गया।
इस अवसर पर प्रजापिता ब्रह्मकुमारीज ईश्वरीय विश्वविद्यालय की क्षेत्रीय निदेशिका निर्मला दीदी, मेला संयोजक कैलाश मिश्रा, सुशील बासवानी, वैभव सिंह सिसोदिया, नीतू दीदी (इंचार्ज, ब्रह्मकुमारी राजयोग भवन), प्रीति दीदी (प्रभारी, बैरागढ़ केंद्र) सहित मेला समिति के अन्य सदस्य व ब्रह्मकुमारीज परिवार के बहन-भाई बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
नवरात्रि के पावन अवसर पर विशेष धार्मिक नृत्य-नाटिका का आयोजन
समिति के पदाधिकारियों के मुताबिक मंगलवार को नवरात्रि के पावन अवसर पर विशेष धार्मिक नृत्य-नाटिका का आयोजन किया जाएगा, जिसमें भक्तिमय प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। महानगर मेला उत्सव समिति, भोपाल ने सभी नागरिकों से मेला महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस सांस्कृतिक और आध्यात्मिक आयोजन का हिस्सा बनने का आग्रह किया है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

