रविवार, 02 अगस्त 2026
Logo
Madhaya Pradesh

श्री 84 महादेव दर्शन यात्रा हमारी सांस्कृतिक विरासत को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगी: डॉ. मोहन यादव

02 अग, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
श्री 84 महादेव दर्शन यात्रा हमारी सांस्कृतिक विरासत को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगी: डॉ. मोहन यादव
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को उज्जैन में आयोजित श्री 84 महादेव दर्शन यात्रा-2026 का शुभारंभ किया और वीडियो कान्फ्रेसिंग से संबोधित किया। उन्होंने कहा कि उज्जैन महज एक नगर नहीं, भूत भगवान श्री महाकाल की पावन नगरी है। यहां के 84 महादेव श्रद्धा, साधना और सनातन परंपरा के जीवंत प्रतीक हैं। दर्शन यात्रा हमारी सांस्कृतिक विरासत को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगी। 


मुख्यमंत्री ने दर्शन करने जा रहे सभी यात्रियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के लिए यह यात्रा आस्था के साथ आत्मिक जागरण का भी पुण्य अवसर भी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी भारतीय संस्कृति वसुधैव कुटुम्बकम् और सर्वे भवन्तु सुखिनः का संदेश देती है। भगवान शिव समरसता, करुणा और लोककल्याण के प्रतीक हैं। भारत की आध्यात्मिक शक्ति आज पूरे विश्व को आकर्षित कर रही है। यह यात्रा हमारी पवित्र आध्यात्मिक चेतना को आगे बढ़ाने का अभियान है। 


मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि 84 महादेवों की परिक्रमा शिवभक्ति की प्राचीन और पवित्र परंपरा है। यह यात्रा श्रद्धा, संयम और आध्यात्मिक अनुशासन का संदेश देती है। प्रत्येक मंदिर उज्जैन के गौरवशाली इतिहास और संस्कृति का साक्षी है। यह आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का सशक्त प्रयास है। ऐसे आयोजन कम ही होते हैं।


धार्मिक यात्राएं स्थानीय अर्थव्यवस्था की भी शक्ति 

 मुख्यमंत्री ने कहा कि इस यात्रा से हमारी संस्कृति के प्रचार-प्रसार को बढावा मिलेगा, धार्मिक पर्यटन को बल मिलेगा और हमारी सामाजिक समरसता मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि धार्मिक यात्राएं केवल आस्था नहीं, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था की भी शक्ति हैं। इससे होटल, परिवहन, हस्तशिल्प और छोटे व्यापारियों को लाभ मिलेगा। प्रदेश सरकार तीर्थ स्थलों पर बेहतर सुविधाएं विकसित कर रही है। हमारा लक्ष्य उज्जैन को विश्वस्तरीय आध्यात्मिक पर्यटन केंद्र बनाना है।


कार्यक्रम में इनकी रही मौजूदगी 

उज्जैन में हुए यात्रा के शुभारंभ कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद बालयोगी उमेशनाथ महाराज, उज्जैन सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक अनिल जैन कालूहेडा, म.प्र. गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के अध्यक्ष ओम जैन, प्रसिद्ध कथा प्रवक्ता पं. प्रदीप मिश्रा, आध्यात्मिक संत शैलेषानंद महाराज, उज्जैन विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष रवि सोलंकी, संजय अग्रवाल व आयोजन संस्था के पदाधिकारी नारायण यादव, महेश परयानी, ललिता लुल्ला, शेषांत चंदेरिया उपस्थित थे।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें