
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव स्वतंत्रता दिवस पर राजधानी के लाल परेड ग्राउंड पर होने वाले राज्य स्तरीय समारोह में ध्वजारोहण करेंगे। परेड की सलामी लेने के साथ प्रदेश की जनता को संबोधित करेंगे। समारोह से पहले मुख्यमंत्री शौर्य स्मारक में शहीदों को श्रद्धाजंलि देंगे।
सामान्य प्रशासन विभाग ने राज्य स्तर के साथ ही जिला, जनपद पंचायत और ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर स्वतंत्रता दिवस समारोह को गरिमामय रूप से आयोजित करने के लिए परिपत्र जारी किया है। लाल परेड ग्राउंड पर
पुलिस, एसएएफ, सीआईएसएफ, जेल गार्ड, होम गार्ड, एनसीसी व स्काउट गाइड्स की संयुक्त परेड आयोजित की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को संयुक्त परेड के माध्यम से गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा।
जिला स्तर पर कार्यक्रम का आयोजन सुबह 9:00 बजे से किया जाएगा, जिसमें विधानसभा अध्यक्ष/ मंत्रीगण और कलेक्टर की ओर से ध्वजारोहण किया जाएगा। मुख्यमंत्री स्वतंत्रता दिवस संदेश का वाचन सुबह 9:25 से 9:55 बजे तक करेंगे। जनपद पंचायत मुख्यालय में जनपद अध्यक्ष की ओर ध्वजारोहण किया जाएगा। समारोह में सामूहिक राष्ट्रगान गाया जाएगा।
ऐसी नगर पालिका/नगर परिषद जिनका मुख्यालय ब्लाक मुख्यालय पर नहीं है, उनमें अध्यक्ष, नगर पालिका/नगर परिषद द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा और समारोह में राष्ट्रगान गाया जाएगा। साथ ही पंचायत मुख्यालय में सरपंच की ओर से ध्वजारोहण किया जाएगा।
सामान्य प्रशासन विभाग ने निर्देश दिए हैं कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, कारगिल में शहीद हुए सैनिकों के परिवारों एवं प्रदेश के लोकतंत्र सेनानियों को सम्मान पूर्वक आमंत्रित किया जाए एवं वृद्ध स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को जिला कलेक्टर अथवा उनके द्वारा नामित प्रतिनिधि घर जाकर शाल, श्रीफल से सम्मानित करेगें।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

