
भोपाल। विंध्य क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी के विस्तार की दिशा में शनिवार, 24 अक्टूबर को महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज होगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव सतना–देवेंद्रनगर के 53 किलोमीटर और रीवा–चुरहट के 65 किलोमीटर लंबे रेलखंडों का वर्चुअली उद्घाटन करेंगे। इस दौरान देवेंद्रनगर–चुरहट ट्रेन सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा।
इन रेलखंडों के शुरू होने से सतना, देवेंद्रनगर, रीवा, चुरहट और आसपास के क्षेत्रों के बीच रेल संपर्क मजबूत होगा। खास बात यह है कि आजादी के बाद पहली बार सीधी जिला सीधे रेल नेटवर्क से जुड़ेगा। इससे विद्यार्थियों, व्यापारियों, कर्मचारियों और मरीजों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा बड़े शहरों और बाजारों तक पहुंच आसान होगी।
रेल सेवा के विस्तार से क्षेत्र में व्यापार, कृषि उत्पादों की ढुलाई और स्थानीय बाजारों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। साथ ही पर्यटन गतिविधियों, रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी विकसित हो सकते हैं। बेहतर रेल संपर्क से सड़क परिवहन पर निर्भरता कम करने और यात्रियों के समय व खर्च में बचत की संभावना है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

