
भोपाल। देश की आजादी में जिन युवाओं ने सब कुछ कुर्बान कर दिया, आज वही इतिहास के पन्नों में दबते जा रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दो टूक कहा कि आजादी के बाद उन बलिदानी युवाओं के संघर्ष को सामने लाने का काम नहीं हुआ। भोपाल में “ग्रामोदय से अभ्युदय मध्य प्रदेश अभियान” के शुभारंभ पर उन्होंने कहा कि अगर उस दौर में फिल्मों और संस्कृति के माध्यम से देशभक्ति को जिंदा रखा जाता, तो आज की पीढ़ी अपने गौरवशाली इतिहास से कहीं ज्यादा जुड़ी होती।
आजादी के बाद अतीत को भुलाने का आरोप
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में कहा कि आजादी के बाद पंडित जवाहरलाल नेहरू ने अतीत को भुलाने का “पाप” किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम और बलिदानी युवाओं की गाथाओं पर अगर उस समय व्यवस्थित रूप से काम होता, तो देश में राष्ट्रभक्ति की भावना और गहरी होती। 12 से 26 जनवरी तक चलने वाले “ग्रामोदय से अभ्युदय मध्य प्रदेश अभियान” की शुरुआत के मौके पर उन्होंने यह बातें कहीं। इस कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और मप्र जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष मोहन नागर भी मौजूद रहे।
मनोज कुमार ने फिल्मों से जिंदा रखी देशभक्ति
सीएम ने कहा कि जब सरकारें अपने कर्तव्य से चूक गईं, तब सिनेमा ने देशभक्ति का झंडा संभाला। उन्होंने अभिनेता-निर्देशक मनोज कुमार का नाम लेते हुए कहा कि
“उपकार, शहीद और क्रांति जैसी फिल्मों ने देश में राष्ट्रभक्ति की भावना को जीवित रखा। यह उनका व्यक्तिगत योगदान था कि उन्होंने अपने बलबूते लोगों को देश के लिए जीना सिखाया।”
युवाओं के बलिदान को किया याद
मुख्यमंत्री ने मदनलाल धींगरा, नेताजी सुभाष चंद्र बोस और चंद्रशेखर आजाद जैसे क्रांतिकारियों को याद करते हुए कहा कि इन युवाओं ने अपना पूरा जीवन देश को समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा, “भारत की आजादी युवाओं के बलिदान की देन है, लेकिन दुर्भाग्य से उनके संघर्ष को आजादी के बाद सही तरीके से जनता के सामने नहीं रखा गया।”
मोदी के नेतृत्व में भारत बन रहा वैश्विक ताकत
सीएम ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत जापान और इजराइल जैसे देशों की श्रेणी में खड़ा हो गया है। उन्होंने पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर की गई कार्रवाई का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत अब दुश्मनों को उनके घर में घुसकर जवाब देने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि इससे न सिर्फ देश का मान-सम्मान बढ़ा है, बल्कि भारत आर्थिक रूप से भी मजबूत हुआ है।
विरासत से विकास की ओर बढ़ता भारत
सोमनाथ मंदिर और अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत आज “विरासत से विकास” की यात्रा पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने भावुक अंदाज में कहा, “मिटाने वाले मिट गए, लेकिन सोमनाथ की ध्वजा आज भी लहरा रही है। अयोध्या में भगवान राम का मुस्कराना इसी सांस्कृतिक पुनर्जागरण का प्रतीक है।”
जन अभियान परिषद को बताया शासन और समाज की धुरी
सीएम डॉ. यादव ने मप्र जन अभियान परिषद की भूमिका को बेहद अहम बताया। उन्होंने कहा कि परिषद की नवांकुर और प्रस्फुटन समितियां जैविक खेती, योग-ध्यान, युवा रैलियों और सामाजिक अभियानों में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में परिषद एक मजबूत सेतु का काम कर रही है।
गांव-गांव पहुंचेगी योजनाओं की जानकारी
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि ग्रामोदय से अभ्युदय अभियान प्रधानमंत्री मोदी की सोच का परिणाम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि सरकार के कामों को गांव-गांव तक पहुंचाएं और अगली बैठक में अपने अच्छे कार्यों की रिपोर्ट लेकर आएं। इस अभियान के तहत ग्रामोत्सव, चौपाल, रैली, सामूहिक श्रमदान और परिवार संपर्क जैसे कार्यक्रम होंगे। फोकस रहेगा –
जैविक खेती और गो-संरक्षण
शिक्षा-संपन्न और संस्कारवान समाज
सामाजिक समरसता
नशामुक्त और स्वस्थ समाज
जल व पर्यावरण संरक्षण
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

