
टीकमगढ़ में 21 अगस्त को जन विश्वास अभियान के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की सीधे समीक्षा की। शिकायतकर्ताओं से बातचीत के बाद एक मामले में लापरवाही सामने आने पर जिला स्तर के अधिकारी पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
सहकारी बैंक की मवई शाखा से जुड़ी शिकायत में नॉमिनी के खाते में राशि ट्रांसफर नहीं किए जाने का मामला सामने आया। इस पर मुख्यमंत्री ने जिला पंजीयक सहकारिता एसके कौशिक को निलंबित करने के निर्देश दिए।
रानीबाई की मृत्यु के बाद राशि ट्रांसफर न होने का मामला
शिकायतकर्ता दयाराम लोधी ने अपनी मां स्व. रानीबाई की मृत्यु के बाद सहकारी बैंक की मवई शाखा द्वारा नॉमिनी के खाते में राशि अंतरित नहीं किए जाने की शिकायत रखी थी। मामले में कार्य में लापरवाही को आधार बनाकर मुख्यमंत्री ने जिला पंजीयक सहकारिता एसके कौशिक के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई के निर्देश दिए।
पांच शिकायतकर्ताओं से मुख्यमंत्री ने की बातचीत
डॉ. मोहन यादव ने मौके पर महेश प्रसाद लोधी, कमलेश नामूलिया, दयाराम लोधी, कालीचरण सिंह राजपूत और हरिराम विश्वकर्मा से संवाद किया। उन्होंने संबंधित प्रकरणों की जानकारी ली और अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के समाधान के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए।
फील्ड में जाकर योजनाओं की निगरानी करें अधिकारी
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को केवल कार्यालय स्तर पर समीक्षा तक सीमित नहीं रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारी नियमित रूप से फील्ड में जाएं और योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति देखें। स्थानीय स्तर पर सामने आने वाली शिकायतों का तय समय सीमा में प्रभावी समाधान करने तथा किसी खास क्षेत्र से लगातार मिलने वाली शिकायतों का भी समुचित निराकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
लापरवाही पर कार्रवाई, बेहतर काम करने वालों को सम्मान
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि काम में लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले शासकीय सेवकों को सम्मानित किए जाने की बात कही।
उचित मूल्य दुकानों के संचालन पर भी चर्चा
बैठक में जिले की विभिन्न शासकीय उचित मूल्य दुकानों को उनके वास्तविक स्थान पर संचालित कराने के लिए जरूरी कार्रवाई पर भी चर्चा की गई।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

