शनिवार, 25 जुलाई 2026
Logo
Madhaya Pradesh

आज बजट की खूबियां गिनाएंगे सीएम मोहन यादव, बताएंगे एमपी को कितना फायदा मिलने वाला है

03 फ़र, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
आज बजट की खूबियां गिनाएंगे सीएम मोहन यादव, बताएंगे एमपी को कितना फायदा मिलने वाला है

आज बजट की खूबियां गिनाएंगे सीएम मोहन यादव, बताएंगे एमपी को कितना फायदा मिलने वाला है

Sanju Suryawanshi
डेस्क रिपोर्टर
Sanju Suryawanshi

भोपाल। राजधानी भोपाल में आज सियासी हलचल तेज रहने वाली है। केंद्र सरकार के नए बजट को लेकर बीजेपी पूरी ताकत के साथ मैदान में उतर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल आज मीडिया के सामने बजट की बड़ी-बड़ी खूबियां गिनाएंगे और बताएंगे कि इस बजट से मध्य प्रदेश को आखिर कितना फायदा मिलने वाला है।


कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर में होगा बड़ा मीडिया इंटरेक्शन

राजधानी के कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर में होने वाले इस खास मीडिया इंटरेक्शन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के साथ-साथ बीजेपी के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह और डिप्टी सीएम एवं वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा भी मौजूद रहेंगे।

 इस दौरान केंद्र सरकार के बजट से एमपी को मिलने वाली योजनाओं, निवेश और विकास से जुड़ी जानकारी साझा की जाएगी।


गरीब, युवा, किसान और महिलाओं पर खास फोकस

बजट पेश होने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पहले ही साफ कर चुके हैं कि यह बजट आम आदमी को ध्यान में रखकर बनाया गया है। उन्होंने बताया कि इसमें गरीबों, युवाओं, अन्नदाताओं यानी किसानों और महिलाओं के लिए खास प्रावधान किए गए हैं। शहरी इलाकों में 5 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों के विकास पर जोर दिया गया है और सभी शहरी आर्थिक क्षेत्रों के लिए अगले 5 साल में 5000 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।


छोटे शहरों से लेकर अस्पतालों तक होगा विकास

बजट में छोटे शहरों में तीर्थ स्थलों के विकास, हर जिले में महिला छात्रावास के निर्माण और जिला अस्पतालों के अपग्रेडेशन का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा क्लिनिकल ट्रायल साइट्स विकसित की जाएंगी और बुजुर्गों के इलाज के लिए केयर इकोसिस्टम को मजबूत किया जाएगा। गंभीर बीमारियों की दवाइयां सस्ती होंगी, जिससे आम जनता को बड़ी राहत मिलेगी।


टेक्सटाइल सेक्टर से बदलेगी मालवा-निमाड़ की तस्वीर

मुख्यमंत्री ने बताया कि बजट में वस्त्र उद्योग यानी टेक्सटाइल सेक्टर में बड़े सुधारों पर जोर दिया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्य प्रदेश को पीएम मित्र पार्क की सौगात दी है। इससे करीब 3 लाख लोगों को रोजगार मिलेगा और 6 लाख किसानों को सीधा फायदा होगा। खासकर मालवा और निमाड़ अंचल को इससे नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है।


AI और रिसर्च से बढ़ेगी प्रदेश की ताकत

केंद्रीय बजट में रिसर्च एंड डेवलपमेंट और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के अधिक इस्तेमाल पर भी खास ध्यान दिया गया है। सरकार का मानना है कि इससे आने वाले समय में देश और प्रदेश दोनों को तकनीकी और आर्थिक मजबूती मिलेगी।


बीजेपी अध्यक्ष बोले – आने वाले 10 सालों की दिशा तय करेगा बजट

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा है कि यह बजट भारत के अगले 10 वर्षों के विकास की नींव रखेगा। उन्होंने बताया कि बजट में रणनीतिक उत्पादों के निर्माण और पहली बार अलग मालगाड़ी कॉरिडोर की व्यवस्था की गई है, जिससे लॉजिस्टिक्स खर्च कम होगा और व्यापार बढ़ेगा। उन्होंने इसे डर से मुक्त टैक्स सिस्टम की ओर बड़ा कदम बताते हुए कहा कि यह बजट हर वर्ग को राहत देने वाला है।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें