
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को समत्व भवन में निवेशकों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की धरा पर निवेशकों का स्वागत है। निवेशकों को सरकार अपनी योजनाओं का लाभ देने के साथ इकाई या कारखाना स्थापित करने में सहयोग भी करेगी। टोपान स्पेशलिटी फिल्म्स प्राइवेट लिमिटेड ने मध्यप्रदेश में 950 करोड़ रुपए निवेश करने का प्रस्ताव दिया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से प्रमुख सचिव औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन राघवेन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में टोपान स्पेशलिटी फिल्म्स प्राईवेट लिमिटेड कंपनी के भारतीय और जापानी पदाधिकारियों ने मुलाकात की। इस कंपनी का मुख्यालय जापान और पंजाब में है। यह समूह करीब 950 करोड़ रुपए की लागत से धार जिले के पीथमपुर के औद्योगिक प्रक्षेत्र के सेक्टर-7 में करीब 71,200 टन सालाना क्षमता की बीओपीपी एवं सीपीटी फिल्म निर्माण इकाई स्थापित करना चाहता है। यह शत-प्रतिशत विदेशी प्रत्यक्ष निवेश (एफडीआई) के रूप में होगा।
इस संबंध में मुख्यमंत्री से कंपनी के पदाधिकारियों ने विस्तार से चर्चा की। इस अवसर पर कंपनी के सीएफओ एवं होल टाईम डायरेक्टर अमित जैन, कमर्शियल हेड रितेश तिरखा, मैनेजिंग एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर हिरोशी सुजुकी, जनरल मैनेजर तासुकु सेना, सेक्टर स्टाफ तोमोहिरो कोमा एवं टेक्निकल एडवाईजर तोशीयुकी माकी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
कंपनी की ओर से किए जाते हैं यह काम
कंपनी मुख्य रूप से पैकेजिंग फिल्म, लेबल फिल्म, ग्राफिक लेमिनेशन फिल्म के निर्माण का कार्य करती है। इकाई की पंजाब स्थित विनिर्माण इकाई लगभग 45 एकड़ में स्थापित है। इस समूह का वैश्विक टर्नओवर एक लाख 25 हजार करोड़ रूपये (14 बिलियन यू.एस. डॉलर) है। समूह का भारत में टर्नओवर 1500 करोड़ रुपए है। कम्पनी का भारत में सिंगल लोकेशन प्लान्ट पंजाब में है। मध्यप्रदेश में इकाई की स्थापना के लिए औद्योगिक प्रक्षेत्र पीथमपुर सेक्टर-7 में 14 हेक्टेयर भूमि चिन्हित की गई है, जिसका प्राथमिक अवलोकन इकाई के प्रतिनिधियों की ओर से किया जा चुका है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

