
सऊदी अरब से भारत के लिए बेहद दुखद खबर आई है। मक्का से मदीना जा रही एक बस सोमवार तड़के मुफ्रिहात इलाके के पास एक डीजल टैंकर से भीषण टक्कर के बाद आग की लपटों में घिर गई। इस हादसे में करीब 42 भारतीय उमरा यात्रियों की जलकर मौत होने की पुष्टि की जा रही है। बताया जा रहा है कि इनमें से ज्यादातर यात्री तेलंगाना के हैदराबाद से थे। हादसा सऊदी समयानुसार रात 11 बजे के आसपास हुआ। लोगों को बचाने की कोशिशें नाकाम रहीं क्योंकि आग कुछ ही सेकंड में पूरी बस को अपनी चपेट में ले गई।
भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने हादसे की पुष्टि करते हुए गहरा दुख प्रकट किया। उन्होंने एक्स पर लिखा, “मदीना, सऊदी अरब में भारतीय नागरिकों के साथ हुई दुर्घटना से गहरा सदमा लगा है। रियाद में हमारा दूतावास और जेद्दा में वाणिज्य दूतावास इस दुर्घटना से प्रभावित भारतीय नागरिकों और परिवारों को पूरा समर्थन दे रहे हैं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदनाएं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।” विदेश मंत्रालय की ओर से कहा गया है कि भारतीय दूतावास लगातार स्थानीय प्रशासन और प्रभावित परिवारों से संपर्क में है।
तेलंगाना सरकार सक्रिय, पीड़ितों की पहचान की प्रक्रिया जारी
हादसे के बाद तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल स्थिति का पता लगाने और विदेश मंत्रालय के साथ लगातार समन्वय में रहने के निर्देश दिए। राज्य के IT मंत्री डी. श्रीधर बाबू ने बताया, शुरुआती जानकारी के अनुसार, मृतकों में 16 लोग हैदराबाद के बताए जा रहे हैं। ये सभी मल्लेपल्ली के बाज़ारघाट क्षेत्र के निवासी बताए जाते हैं। अभी मृतकों की औपचारिक पहचान जारी है और आधिकारिक सूची का इंतजार है। मंत्री श्रीधर बाबू ने हादसे को अत्यंत दुखद बताते हुए कहा कि सरकार पीड़ित परिवारों की हर संभव मदद करेगी।
हादसा कैसे हुआ?
स्थानीय रिपोर्ट्स के मुताबिक, बस तेज रफ्तार से मदीना की ओर जा रही थ। मुफ्रिहात के पास सड़क पर खड़े डीजल टैंकर से इसकी टक्कर हो गई। टैंकर में मौजूद ईंधन ने तुरंत आग पकड़ ल। लपटें इतनी तेज थीं कि चालक और यात्री बच नहीं सके। हादसे की जांच सऊदी प्राधिकरण कर रहे हैं, जबकि भारतीय एजेंसियां लगातार समन्वय में हैं।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

