
भोपाल की चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में मंगलवार को अदालत का फैसला अहम माना जा रहा है। मामले में न्यायिक हिरासत में बंद रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह की नई जमानत याचिका पर सुनवाई चल रही है और फैसला आने की संभावना है।
गिरिबाला सिंह और उनके बेटे समर्थ सिंह 2 जून से भोपाल की सेंट्रल जेल में बंद हैं। दोनों के खिलाफ दर्ज मामले में मंगलवार को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मनीष कुमार श्रीवास्तव की अदालत में सुनवाई हो रही है।
सोमवार को दायर हुई थी नई जमानत याचिका
गिरिबाला सिंह ने 20 जुलाई को अदालत में दोबारा जमानत आवेदन पेश किया था। इस आवेदन पर 21 जुलाई (मंगलवार) को सुनवाई रखी गई। अदालत से आज इस पर आदेश आने की उम्मीद है। जेल में रहते हुए गिरिबाला सिंह के 48 दिन पूरे हो चुके हैं।
याचिका में किन आधारों का दिया गया हवाला
जमानत आवेदन में गिरिबाला सिंह ने दावा किया है कि उनके और ट्विशा शर्मा के संबंध अच्छे थे। इसके समर्थन में उन्होंने दोनों के बीच हुई व्हाट्सएप चैट का भी उल्लेख किया है। इसके अलावा आवेदन में अपनी उम्र और स्वास्थ्य संबंधी स्थिति को भी राहत दिए जाने का आधार बनाया गया है।
शादी के पांच महीने बाद हुई थी ट्विशा की मौत
ट्विशा शर्मा नोएडा की रहने वाली थीं।
उनकी शादी दिसंबर 2025 में भोपाल निवासी अधिवक्ता समर्थ सिंह से हुई थी।
समर्थ सिंह, रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह के बेटे हैं।
12 मई की रात कटारा हिल्स थाना क्षेत्र में ट्विशा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी।
एफआईआर से लेकर सीबीआई जांच तक
ट्विशा शर्मा के माता-पिता की शिकायत पर पुलिस ने 14 मई को गिरिबाला सिंह और समर्थ सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया था। उसी दिन गिरिबाला सिंह को अदालत से जमानत मिल गई थी।
बाद में मामला राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आया और सीबीआई ने 28 मई को जांच अपने हाथ में लेकर दोनों को रिमांड पर लिया। इसके बाद 2 जून को दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया, तब से वे भोपाल की सेंट्रल जेल में बंद हैं।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

