
भोपाल में रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह की बहू ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला लगातार उलझता जा रहा है। अब इस केस में एक नया वीडियो सामने आया है, जिसे मौत से पहले का बताया जा रहा है। वीडियो में ट्विशा सीढ़ियों से छत पर जाती दिखाई देती हैं, लेकिन जिंदा वापस नहीं लौटतीं। कुछ देर बाद चार लोग उनका शव लेकर नीचे आते नजर आते हैं। इस वीडियो के सामने आने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है।
पति समर्थ सिंह पर 10 हजार का इनाम घोषित
भोपाल पुलिस ने ट्विशा शर्मा के पति समर्थ सिंह पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। इससे पहले सोमवार को कोर्ट ने समर्थ सिंह की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी। वहीं रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह को उम्र के आधार पर पहले ही अग्रिम जमानत मिल चुकी है। पुलिस अब समर्थ सिंह की तलाश में जुटी हुई है।
7 दिनों से AIIMS मर्चुरी में रखा है शव
ट्विशा शर्मा का शव पिछले 7 दिनों से भोपाल AIIMS की मर्चुरी में रखा हुआ है। परिजनों का कहना है कि जब तक पोस्टमार्टम दूसरे राज्य में ट्रांसफर नहीं किया जाता, तब तक वे अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। परिवार का आरोप है कि ट्विशा को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था और बाद में उसकी हत्या कर दी गई।
पीएम मोदी से लगाई मदद की गुहार
ट्विशा के परिजनों ने अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मामले में दखल देने की अपील की है। ट्विशा के पिता ने कहा कि वे पूरे सिस्टम से लड़ रहे हैं और उन्हें न्याय दिलाने में मदद की जाए। इसके अलावा परिवार ने राष्ट्रपति, महिला आयोग और सुप्रीम कोर्ट से भी हस्तक्षेप की मांग की है। इससे पहले रविवार को परिजनों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात की थी, जिसके बाद सीएम ने मदद का भरोसा दिया था।
16 मई को हुई थी संदिग्ध मौत
मिस पुणे रह चुकी ट्विशा शर्मा की मौत 16 मई को संदिग्ध परिस्थितियों में हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसे आत्महत्या बताया गया, लेकिन परिवार इस थ्योरी को मानने से इनकार कर रहा है। परिजनों का कहना है कि यह सुसाइड नहीं बल्कि हत्या है। उन्होंने भोपाल पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए हैं और सोशल मीडिया कैंपेन चलाकर न्याय की मांग कर रहे हैं।
बड़े बेटे का भी हो चुका है तलाक
मामले में एक और जानकारी सामने आई है कि रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह के बड़े बेटे का भी पहले तलाक हो चुका है। अब छोटे बेटे समर्थ सिंह की पत्नी ट्विशा की मौत के बाद परिवार पर सवाल और गहरे हो गए हैं। पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

