
भोपाल। मॉडल ट्विशा शर्मा की मौत के मामले में आरोपी पति समर्थ सिंह और उनकी मां गिरिबाला सिंह की कानूनी मुश्किलें बनी हुई हैं। दोनों फिलहाल जेल में हैं और सीबीआई जमानत का विरोध कर रही है।
भोपाल की अदालत में 29 सितंबर को समर्थ सिंह की जमानत अर्जी पर सुनवाई होगी। दूसरी तरफ, गिरिबाला सिंह की जमानत याचिका पर जबलपुर हाईकोर्ट में सीबीआई ने 1,154 पेज का जवाब दाखिल किया है।
समर्थ सिंह की जमानत पर भोपाल कोर्ट में सुनवाई
समर्थ सिंह ने भोपाल की अदालत में जमानत के लिए आवेदन दिया है। बचाव पक्ष ने अपनी याचिका में कहा है कि जांच एजेंसी ने अभी मामले में पूरा आरोप पत्र दाखिल नहीं किया है।
इसी आधार को लेकर समर्थ सिंह को जमानत दिए जाने की मांग की गई है। अधिवक्ता अंकुर पांडेय ने बताया कि सुनवाई के दौरान अभियोजन और बचाव पक्ष दोनों अपनी दलीलें रखेंगे।
गिरिबाला सिंह की जमानत का CBI ने किया विरोध
समर्थ सिंह की मां और पूर्व जिला जज गिरिबाला सिंह की जमानत याचिका पर जबलपुर स्थित मध्यप्रदेश हाईकोर्ट में सुनवाई चल रही है। सीबीआई ने अदालत के समक्ष 1,154 पेज का विस्तृत जवाब दाखिल करते हुए उनकी जमानत का विरोध किया है।
62 गवाहों के बयान कोर्ट में रखे
जांच एजेंसी ने अपनी रिपोर्ट में 62 गवाहों के बयान अदालत के सामने पेश किए हैं। सीबीआई का कहना है कि गिरिबाला सिंह के प्रभाव के कारण गवाहों को प्रभावित किए जाने की आशंका है। इसी संभावना को जमानत का विरोध करने के प्रमुख आधारों में शामिल किया गया है।
जांच में सामने आए ये आरोप
सीबीआई के जांच अधिकारियों की रिपोर्ट में शादी के बाद ट्विशा शर्मा पर मानसिक दबाव और पति समर्थ सिंह के अभद्र व्यवहार का उल्लेख किया गया है। जांच में अबॉर्शन के बाद विवाद तथा ट्विशा शर्मा पर 20 लाख रुपये के शेयर ट्रांसफर करने का दबाव होने की बात भी सामने रखी गई है।
आज फिर सुनवाई संभव
ट्विशा शर्मा डेथ केस में समर्थ सिंह और गिरिबाला सिंह दोनों आरोपी हैं। दोनों इस समय जेल में हैं। गिरिबाला सिंह की जमानत याचिका पर हाईकोर्ट में 29 सितंबर को दोबारा सुनवाई संभव बताई गई है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

