बुधवार, 20 मई 2026
Logo
Madhaya Pradesh

ट्विशा शर्मा केस में नया खुलासा, सास ने कोर्ट में बहू को बताया ड्रग एडिक्ट, 6 दिन बाद भी शव लेने से परिजनों का इनकार, पति अभी भी है फरार

18 मई, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
ट्विशा शर्मा केस में नया खुलासा, सास ने कोर्ट में बहू को बताया ड्रग एडिक्ट, 6 दिन बाद भी शव लेने से परिजनों का इनकार, पति अभी भी है फरार
Sanju Suryawanshi
डेस्क रिपोर्टर
Sanju Suryawanshi

भोपाल। राजधानी भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा आत्महत्या मामले में हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं। रिटायर्ड महिला जज की बहू ट्विशा की मौत के 6 दिन बाद भी परिजनों ने शव लेने से इनकार कर दिया है। परिवार का आरोप है कि जांच निष्पक्ष नहीं हो रही और आरोपी पक्ष को राहत मिल रही है। इसी बीच, मामले में नया मोड़ तब आया जब आरोपी सास गिरीबाला सिंह की जमानत याचिका के कुछ हिस्से सामने आए। इन दावों ने पूरे केस को और ज्यादा संवेदनशील बना दिया है।


कोर्ट में बहू को बताया ‘ड्रग एडिक्ट’

गिरीबाला सिंह की ओर से दाखिल जमानत आवेदन में दावा किया गया है कि ट्विशा शर्मा को नशे की लत थी। आवेदन में कहा गया कि जब उसे नशा नहीं मिलता था तो उसके हाथ कांपने लगते थे और उसका व्यवहार चिड़चिड़ा हो जाता था। सास पक्ष ने कोर्ट में यह भी कहा कि ट्विशा मानसिक रूप से परेशान रहती थी और उसका इलाज मनोचिकित्सक डॉ. सत्यकांत त्रिवेदी के पास चल रहा था। इसके अलावा उसे काउंसलर काकोली राय के पास भी भेजा गया था।


12 घंटे गायब रहने का भी दावा

जमानत आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया कि ट्विशा 17 अप्रैल 2026 को फ्लाइट से दिल्ली गई थी और अगले दिन मायके पहुंची, लेकिन इस दौरान वह करीब 12 घंटे तक लापता रही। परिवार के पूछने पर उसने इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी थी। हालांकि, ट्विशा के मायके पक्ष ने इन दावों पर अब तक सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं दी है।


घटना वाली रात क्या हुआ?

पुलिस और कोर्ट में दिए गए बयानों के मुताबिक, 11 मई की शाम ट्विशा ब्यूटी पार्लर से तैयार होकर घर लौटी थी। इसी दौरान उसकी मां का फोन आया और बात करते हुए वह छत पर चली गई। कुछ देर बाद कॉल अचानक डिस्कनेक्ट हो गया। रात करीब 10:30 बजे ट्विशा कथित तौर पर फंदे से लटकी मिली। पति समर्थ शर्मा उसे रिश्तेदार की मदद से एम्स भोपाल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।


गर्भावस्था और व्यवहार बदलने का दावा

सास पक्ष के वकील ने कोर्ट में कहा कि ट्विशा गर्भवती थी और प्रेग्नेंसी के बाद उसका व्यवहार बदल गया था। वकील ने यह भी दावा किया कि ससुराल पक्ष उसका इलाज करा रहा था और घटना वाले दिन पति खुद उसे ब्यूटी पार्लर लेकर गया था। कोर्ट में यह भी कहा गया कि ट्विशा का अबॉर्शन हो चुका था। हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।


दहेज आरोपों को बताया गलत

गिरीबाला सिंह की ओर से कोर्ट में कहा गया कि ट्विशा को कभी दहेज के लिए प्रताड़ित नहीं किया गया। आवेदन के मुताबिक, उसकी जरूरतों के हिसाब से हर महीने पैसे ऑनलाइन ट्रांसफर किए जाते थे। कोर्ट में ₹5 हजार से ₹50 हजार तक के कई ऑनलाइन ट्रांजेक्शन की रसीदें भी पेश की गई हैं। बचाव पक्ष का दावा है कि परिवार ने ट्विशा का पूरा ख्याल रखा।


परिजनों की मांग- दिल्ली AIIMS में दोबारा पोस्टमॉर्टम हो

दूसरी तरफ ट्विशा के परिजन लगातार जांच पर सवाल उठा रहे हैं। परिवार का कहना है कि पुलिस आरोपी पति समर्थ शर्मा को पकड़ने में गंभीरता नहीं दिखा रही। परिजनों ने मांग की है कि केस की जांच मध्यप्रदेश से बाहर की एजेंसी करे और ट्विशा का दोबारा पोस्टमॉर्टम नई दिल्ली AIIMS में कराया जाए।


CM हाउस तक पहुंचा मामला

रविवार को ट्विशा के परिजन सीएम हाउस पहुंचे और कई घंटों तक गेट के बाहर बैठे रहे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों के व्यवहार पर भी सवाल उठाए। परिजनों का आरोप है कि कटारा हिल्स थाने में उनकी बात ठीक से नहीं सुनी गई। उन्होंने मुख्यमंत्री से मामले में हस्तक्षेप और पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की है।


एसआईटी जांच शुरू, पति अब भी फरार

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एसआईटी गठित कर दी है। इसकी कमान एसीपी मिसरोद रजनीश कश्यप को सौंपी गई है। टीम में कटारा हिल्स और बाग सेवनिया थाना प्रभारी समेत कुल 6 अधिकारी शामिल हैं। एक अलग पुलिस टीम आरोपी पति समर्थ शर्मा की तलाश में जुटी है। समर्थ की अग्रिम जमानत याचिका पर आज सुनवाई होनी है, जिस पर सबकी नजरें टिकी हैं।


फिल्मों से कॉर्पोरेट तक का सफर

मूल रूप से नोएडा की रहने वाली ट्विशा शर्मा ने साउथ की चार तेलुगु फिल्मों में काम किया था। मॉडलिंग और विज्ञापनों में भी वह सक्रिय रही थीं। बाद में उन्होंने एमबीए किया और दिल्ली की एक कंपनी में नौकरी शुरू की। डेटिंग ऐप के जरिए उनकी मुलाकात समर्थ शर्मा से हुई थी और परिवार की सहमति से 12 दिसंबर 2025 को दोनों की शादी हुई थी।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें