
उज्जैन। उज्जैन में छत्री चौक स्थित शाही मस्जिद को लेकर सोमवार को फिर तनाव की स्थिति बनी। पुलिस पर पथराव के बाद लाठीचार्ज किया गया और आंसू गैस के गोले छोड़े गए। सुबह भी पथराव हुआ था, जिसमें एक महिला थाना प्रभारी घायल हो गई थीं।
मामले में पुलिस ने 10 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। इनमें 5 सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर शामिल हैं, जबकि बाहर से उज्जैन आए 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। प्रशासन और शहर काजी ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।
शाही मस्जिद के आसपास बाहरी लोगों की एंट्री बंद
स्थिति को देखते हुए पुलिस ने शाही मस्जिद के आसपास की गलियों में बाहरी लोगों की आवाजाही रोक दी है। क्षेत्र में केवल पुलिस फोर्स की मौजूदगी रखी गई है। पुलिस का उद्देश्य मस्जिद के आसपास भीड़ जुटने से रोकना और स्थिति को नियंत्रित रखना है।
10 लोगों पर FIR, 5 सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर शामिल
पुलिस ने मामले में कुल 10 लोगों पर FIR दर्ज की है। इनमें 5 सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर हैं। इन पर माहौल बिगाड़ने का आरोप लगाया गया है। इन पांचों की गिरफ्तारी की जानकारी अभी सामने नहीं आई है। दूसरी तरफ, बाहर से आए 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
मस्जिद का हिस्सा समाजजनों ने खुद हटाया: कलेक्टर
उज्जैन कलेक्टर रोशन सिंह ने कहा कि छत्री चौक स्थित शाही मस्जिद का एक हिस्सा समाजजनों द्वारा स्वत: हटाया जा रहा है। कलेक्टर के मुताबिक, 2028 में उज्जैन में सिंहस्थ महाकुंभ होना है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए मास्टर प्लान के अनुसार सड़कों के चौड़ीकरण और अन्य निर्माण कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इन विकास कार्यों में सभी धर्मों और समाजों के लोग स्वेच्छा से सहयोग कर रहे हैं। सड़क चौड़ीकरण की जद में आने वाले मकान, दुकान और धर्मस्थल संबंधित समाजजनों द्वारा स्वेच्छा से हटाए जा रहे हैं।
रोशन सिंह ने कहा कि इसी प्रक्रिया के तहत शाही मस्जिद का एक हिस्सा भी समाजजनों द्वारा स्वत: हटाया जा रहा है। उन्होंने इसे सभी समाजों के सहयोग और समन्वय की सकारात्मक मिसाल बताया।
कलेक्टर बोले- अफवाहों पर ध्यान न दें
कलेक्टर रोशन सिंह ने लोगों से किसी भी तरह की अफवाह पर विश्वास नहीं करने की अपील की है। उन्होंने शांति और सद्भाव बनाए रखने की बात कही।
उन्होंने कहा कि सिंहस्थ की तैयारियों में सभी का सहयोग और सहभागिता उज्जैन की एकता और भाईचारे को मजबूत करेगी।
शहर काजी ने कहा- मामला रात में ही आपसी सहमति से सुलझ गया
उज्जैन शहर काजी खली कुर्रे रहमान ने भी लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मस्जिद का मामला रात में ही आपसी सहमति से सुलझ गया था। उनके मुताबिक, ऐसी कोई स्थिति नहीं है जिसके कारण किसी व्यक्ति को मौके पर जाने की जरूरत हो। शहर काजी ने कहा कि जिस कार्य को पूरा करने का संकल्प लिया गया है, उसे पूरा किया जा रहा है।
घर से निकलकर मौके पर न जाएं: शहर काजी
खली कुर्रे रहमान ने लोगों से अपील की कि अफवाहों के कारण घर से बाहर निकलकर अनावश्यक रूप से मौके पर न जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोगों को किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं देना चाहिए।
सोमवार को हाईकोर्ट की इंदौर बेंच में सुनवाई
शाही मस्जिद से जुड़े मामले पर सोमवार को हाईकोर्ट की इंदौर बेंच में सुनवाई होनी है। मस्जिद का करीब 9 फीट लंबा और 4 फीट चौड़ा हिस्सा तोड़े जाने की बात सामने आई है। प्रशासन की ओर से सिंहस्थ की तैयारियों और सड़क चौड़ीकरण के संदर्भ में इसे समाजजनों द्वारा स्वेच्छा से हटाए जाने की बात कही गई है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

