
भोपाल। आप सोचिए — बाजार में एक पौष्टिक और स्वादिष्ट थाली कितने की मिलेगी? 100, 150 या फिर अनलिमिटेड हो तो 250 रुपये तक? लेकिन अगर हम कहें कि मध्य प्रदेश में जरूरतमंद को सिर्फ 5 रुपये में स्वाद से भरपूर, पौष्टिक और गरमा-गरम खाना मिल रहा है… वो भी अनलिमिटेड!
जी हाँ — यह हकीकत है मध्य प्रदेश सरकार की दीनदयाल रसोई योजना, जो हजारों प्रवासी मजदूरों, श्रमिकों, गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए किसी वरदान से कम नहीं।
एमपी सरकार की शानदार पहल – दीनदयाल रसोई योजना
नगरीय विकास एवं आवास विभाग द्वारा संचालित दीनदयाल रसोई योजना का उद्देश्य है शहरों में आने वाले जरूरतमंद, श्रमिक और गरीब परिवारों को मात्र 5 रुपये में भरपेट और पौष्टिक भोजन मिल सके। प्रदेश में फिलहाल 166 स्थायी रसोई केंद्र संचालित हो रहे हैं —
➡️ 16 नगर निगमों में 58 केंद्र
➡️ 99 नगर पालिका परिषदों में 99 केंद्र
➡️ 9 नगर परिषदों में 9 केंद्र
साथ ही, चलित रसोई केंद्रों की सुविधा भी दी गई है: 25 चलित रसोई, जिनमें 16 नगर निगमों में 23 और 2 नगर पालिका परिषदों में 2 चलित रसोई वाहन संचालित हैं।
जहां श्रमिक, वहीं रसोई — चलित रसोई की अनोखी सुविधा
चलित रसोई केंद्र खासतौर पर उन स्थानों पर पहुंचते हैं जहां बड़ी संख्या में श्रमिक कार्यरत होते हैं। ताकि उन्हें काम की जगह पर ही गरम और किफायती भोजन मिल सके। नगरीय प्रशासन ने इन मोबाइल रसोई वाहनों को सुसज्जित और एकरूप बनाने की योजना तैयार की है। इन रसोई केंद्रों को मजबूत करने के लिए अनुदान भी दिया जा रहा है।
जल्द ही इस योजना का विस्तार होगा, राज्य शासन के पास 68 नई रसोई केंद्रों का प्रस्ताव स्वीकृति के लिए भेजा गया है।
धार्मिक स्थलों पर भी मिलेगी 5 रुपये की थाली
मध्यप्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर रोज़ लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में सरकार ने दीनदयाल रसोई योजना को इन 6 धार्मिक नगरियों तक भी विस्तार दिया है —
➡️ मैहर
➡️ चित्रकूट
➡️ ओंकारेश्वर
➡️ महेश्वर
➡️ ओरछा
➡️ अमरकंटक
इन स्थानों पर आने वाले तीर्थयात्रियों और जरूरतमंदों को भी 5 रुपये में भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।
गुणवत्ता पर सख्त नजर
योजना के तहत परोसे जाने वाले भोजन में
✔️ पौष्टिकता
✔️ गुणवत्ता
✔️ स्वच्छता
पर विशेष ध्यान दिया जाता है।
नगरीय निकायों द्वारा नियमित निरीक्षण कर सुनिश्चित किया जाता है कि थाली में परोसा जाने वाला भोजन स्वस्थ और स्वच्छ हो।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

