
भोपाल। देवास में रेलवे अंडरपास में जलभराव के बावजूद बैरिकेड हटाकर स्कूल वैन निकालने और विद्यार्थियों की जान जोखिम में डालने के मामले में प्रशासन और पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर लापरवाह वैन चालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। वहीं, स्कूल संचालक के खिलाफ भी मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मामला 25 अगस्त को देवास के सिविल लाइन क्षेत्र स्थित रेलवे अंडरब्रिज का है। भारी बारिश के कारण अंडरब्रिज में पानी भर गया था। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने स्टॉपर लगाकर मार्ग पर आवागमन प्रतिबंधित कर दिया था। इसके बावजूद सिटी कॉन्वेंट स्कूल के मैजिक वाहन चालक ने स्टॉपर हटाकर वैन को जलभराव वाले मार्ग में उतार दिया।
पानी में फंसने के बाद वैन बंद हो गई। आरोप है कि चालक बच्चों को मौके पर छोड़कर वहां से भाग गया। सूचना मिलते ही स्थानीय नागरिकों, डायल-112 और सिविल लाइन थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू किया और रस्सी की मदद से सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला।
चालक के खिलाफ मामला दर्ज
मुख्यमंत्री ने घटना को गंभीरता से लेते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा में लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद देवास कलेक्टर ऋतुराज सिंह और पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोत के निर्देशन में पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 285 और मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध क्रमांक 465/2026 दर्ज किया। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया और वैन जब्त कर ली गई।
स्कूल संचालक पर भी कार्रवाई
सुरक्षा मानकों और चरित्र सत्यापन संबंधी निर्देशों की अनदेखी के मामले में स्कूल संचालक के खिलाफ भी भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 के तहत अपराध क्रमांक 467/2026 दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना जारी है।
स्कूल प्रबंधकों को दिए सख्त निर्देश
प्रशासन और पुलिस ने जिले के सभी स्कूल प्रबंधकों को स्कूल वाहनों की फिटनेस, परमिट और चालकों के पुलिस सत्यापन सहित सभी सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। चालकों को जलभराव वाले मार्गों, अंडरपास और पुल-पुलियों से किसी भी परिस्थिति में वाहन नहीं निकालने के निर्देश दिए गए हैं। नियमों का उल्लंघन करने पर कठोर वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

