मंगलवार, 28 जुलाई 2026
Logo
Madhaya Pradesh

भोपाल में न्यू ईयर पर पुलिस का कड़ा पहरा, रात 12:30 के बाद जश्न पर रोक, 1500 जवान सड़कों पर

31 दिस, 20250 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
भोपाल में न्यू ईयर पर पुलिस का कड़ा पहरा, रात 12:30 के बाद जश्न पर रोक, 1500 जवान सड़कों पर

भोपाल में न्यू ईयर पर पुलिस का कड़ा पहरा, रात 12:30 के बाद जश्न पर रोक, 1500 जवान सड़कों पर

Sanju Suryawanshi
डेस्क रिपोर्टर
Sanju Suryawanshi

नए साल की खुशियां मनाने की तैयारी में भोपाल पूरी तरह डूबा हुआ है, लेकिन इस बार जश्न की धुन पर पुलिस की सख्त शर्तें भारी पड़ने वाली हैं। शहर में आज यानी 31 दिसंबर की रात 12:30 बजे के बाद किसी भी तरह का डीजे, तेज आवाज में म्यूजिक या खुलेआम जश्न मनाने की इजाजत नहीं होगी। पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि नियम तोड़े तो नए साल की शुरुआत सीधे हवालात से हो सकती है।


रात 12:30 के बाद नो म्यूजिक, नो जश्न

भोपाल पुलिस ने नए साल को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। पुलिस के मुताबिक आधी रात के बाद किसी भी इलाके में डीजे बजाना, लाउड म्यूजिक या सड़क पर जश्न मनाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। होटल, क्लब और पार्टी आयोजकों को भी समय सीमा का सख्ती से पालन करना होगा। पुलिस का कहना है कि यह फैसला शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए लिया गया है। रात 12:30 बजे के बाद अगर कहीं भी तेज आवाज में संगीत या हुड़दंग मिला, तो मौके पर ही कार्रवाई की जाएगी।


75 जगहों पर चेकिंग पॉइंट, नशे में पकड़े तो वाहन भी जब्त

नए साल पर सबसे ज्यादा सख्ती शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों पर रहेगी। भोपाल पुलिस ने शहर में 75 चेकिंग पॉइंट बनाए हैं, जहां आज शाम से ही ब्रीथ एनालाइजर से वाहन चालकों की जांच शुरू हो जाएगी। पुलिस कमिश्नर हरिनारायणचारी मिश्रा ने बताया कि नशे में वाहन चलाते पकड़े जाने पर केवल चालान ही नहीं कटेगा, बल्कि वाहन जब्ती, लाइसेंस निरस्तीकरण और केस दर्ज करने की कार्रवाई भी होगी। यानी इस बार गलती करने वालों को सीधा सबक मिलेगा।


1500 पुलिसकर्मी, हर चौराहे पर निगरानी

सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए भोपाल में करीब 1500 पुलिसकर्मी सड़कों पर उतारे गए हैं। प्रमुख चौराहों, होटल-ढाबों, क्लबों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। पुलिस कंट्रोल रूम से लगातार शहर की मॉनिटरिंग की जाएगी। ड्रोन और मोबाइल पेट्रोलिंग टीमों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी पर तुरंत कार्रवाई हो सके।


आयोजकों के लिए सख्त गाइडलाइन

जिन आयोजकों ने नए साल के कार्यक्रम की अनुमति ली है, उन्हें पुलिस ने साफ-साफ निर्देश दिए हैं –

आयोजन स्थल पर तय समय सीमा का पालन करना होगा।

अवैध शराब परोसने और नाबालिगों को शराब देने पर सख्त कार्रवाई होगी।

पार्किंग की पूरी व्यवस्था आयोजक को खुद करनी होगी।

सड़क या यातायात बाधित नहीं होना चाहिए।

किसी भी तरह का हुड़दंग, झगड़ा या अश्लील हरकत मिलने पर अनुमति तत्काल रद्द की जा सकती है।


पुराने गुंडे-बदमाशों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

इस बार पुलिस ने नया तरीका अपनाया है। शहर और देहात क्षेत्रों में पुराने अपराधियों, हिस्ट्रीशीटरों और शांति भंग करने की आशंका वाले लोगों को थानों में बुलाकर बॉन्ड भरवाए गए हैं। उन्हें साफ चेतावनी दी गई है कि अगर नए साल की रात किसी भी तरह की गड़बड़ी की, तो तुरंत गिरफ्तारी होगी। पुलिस का मकसद है कि जश्न के माहौल में किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि न होने पाए और आम लोग सुरक्षित माहौल में नया साल मना सकें।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें