
तेज ठंड और शीतलहर के बीच अब मध्यप्रदेश में घना कोहरा भी छा गया है। प्रदेश के करीब आधे हिस्से में कोहरे असर देखने को मिल रहा है। मंगलवार को 22 जिलों में कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। ग्वालियर, चंबल, सागर और रीवा संभाग के 12 जिलों में विजिबिलिटी घटकर 50 मीटर तक रह सकती है। सोमवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में ऐसा ही घना कोहरा छाया रहा।
कोहरे की वजह से ट्रेनें हुईं लेट
घने कोहरे का असर रेल यातायात पर भी पड़ा है। दिल्ली से आने वाली 5 ट्रेनें देरी से चल रही हैं।
भोपाल रेलवे स्टेशन पर:
12002 शताब्दी एक्सप्रेस 40 मिनट लेट
12626 केरला एक्सप्रेस करीब 6 घंटे लेट
12628 कर्नाटक एक्सप्रेस 1 घंटे की देरी से भोपाल पहुंची
इसके अलावा:
12722 दक्षिण एक्सप्रेस 4 घंटे लेट
12920 मालवा एक्सप्रेस 2 घंटे की देरी से चल रही है
ये सभी ट्रेनें ग्वालियर, बीना, इंदौर, इटारसी और खंडवा होकर गुजरेंगी।
12 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, 50 मीटर विजिबिलिटी
मौसम विभाग ने मंगलवार सुबह के लिए ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज और सीधी में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 50 मीटर दूर देखना भी मुश्किल हो सकता है।
भोपाल समेत 10 जिलों में येलो अलर्ट
भोपाल, विदिशा, सागर, दमोह, जबलपुर, कटनी, मैहर, उमरिया, शहडोल और सिंगरौली में येलो अलर्ट है। यहां 1 से 2 हजार मीटर तक विजिबिलिटी रहने की संभावना है।
सोमवार को भी पूरे दिन छाया रहा कोहरा
सोमवार सुबह रीवा और मुरैना-रायसेन में 50 मीटर के बाद कुछ नजर नहीं आ रहा था। भोपाल में विजिबिलिटी 500 से 1 हजार मीटर दर्ज की गई। दिनभर कोहरा छाया रहा और दोपहर में भी 2 से ढाई किलोमीटर के बाद कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। ठंड के इस सीजन की यह पहली सुबह रही, जब प्रदेश में इतना घना कोहरा छाया।
पारे में भारी गिरावट, पचमढ़ी सबसे ठंडा
तापमान में भी खासी गिरावट दर्ज की गई है। रविवार-सोमवार की रात:
भोपाल: 5.8 डिग्री
इंदौर: 6.6 डिग्री
ग्वालियर: 9.1 डिग्री
उज्जैन: 9.3 डिग्री
जबलपुर: 9.4 डिग्री
प्रदेश में सबसे ठंडे पचमढ़ी और राजगढ़ रहे, जहां न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री दर्ज किया गया।
इन जिलों में भी कड़ाके की ठंड
बैतूल में 5.8, उमरिया 7, रीवा 7.5, रायसेन 7.6, मलाजखंड-नौगांव 7.8, खजुराहो 8.1, नरसिंहपुर 8.2, दमोह-मंडला 8.5, छिंदवाड़ा 8.6, टीकमगढ़ 8.9, सतना 9.6 और गुना में 9.9 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
17 दिसंबर से फिर बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, 17 दिसंबर की रात से नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करेगा। इसका असर अगले दो-तीन दिन में मध्यप्रदेश में भी दिखेगा। इसके पीछे एक और पश्चिमी विक्षोभ आ रहा है, जिससे ठंड का असर और बढ़ेगा।
जेट स्ट्रीम की रफ्तार 222 किमी प्रतिघंटा
फिलहाल उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में जेट स्ट्रीम सक्रिय है। रविवार तक यह 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर 176 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चल रही थी, जो सोमवार को बढ़कर 222 किमी प्रतिघंटा हो गई। इसका असर मध्यप्रदेश के मौसम पर भी साफ दिखाई दे रहा है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

